एमडीएसयू में आज होगा वैदिक यज्ञ एवं दीपावली पूजन, शोध पीठ की ओर से आयोजन

कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल की गरिमामय उपस्थिति में होगा वैदिक परंपराओं का आयोजन, विश्वविद्यालय परिवार को आमंत्रण

अजमेर, 30 अक्टूबर। महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर की महर्षि दयानन्द शोध पीठ की ओर से शनिवार, 31 अक्टूबर को वैदिक यज्ञ एवं दीपावली पूजन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 11:15 बजे विश्वविद्यालय परिसर स्थित बृहस्पति भवन में आयोजित होगा। इसमें विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल की गरिमामय उपस्थिति रहेगी।

महर्षि दयानन्द शोध पीठ के निदेशक प्रो. ऋतु माथुर ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य भारतीय वैदिक परंपराओं, आध्यात्मिक मूल्यों तथा भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत के प्रति जागरूकता को प्रोत्साहित करना है। वैदिक यज्ञ एवं दीपावली पूजन के माध्यम से सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया जाएगा।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षक, अतिथि शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी एवं विद्यार्थी आमंत्रित हैं। शोध पीठ की ओर से सभी से निर्धारित समय से पांच मिनट पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने का आग्रह किया गया है।

इस आयोजन के माध्यम से विश्वविद्यालय परिवार भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण, वैदिक जीवन-दृष्टि के प्रसार तथा ज्ञान, सदाचार और लोककल्याण के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करेगा।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!