हृदय रोग जागरूकता शिविर में 100 से अधिक सदस्य हुए लाभान्वित, समाज की तीन प्रतिभाओं का सम्मान

सी.के. बिरला हॉस्पिटल एवं श्रीकृष्ण गोस्वामी भट्ट तैलंग समाज धर्मार्थ सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन; त्रैमासिक पत्रिका के प्रकाशन की भी घोषणा
जयपुर, 1 नवंबर। श्रीकृष्ण गोस्वामी भट्ट तैलंग समाज धर्मार्थ सेवा समिति, जयपुर एवं सी.के. बिरला हॉस्पिटल, दुर्गापुरा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को अस्पताल के सभागार में हृदय रोग संबंधी स्वास्थ्य परिचर्चा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेष आमंत्रित हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अश्विनी शर्मा ने हृदय रोगों के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने वाली सीपीआर (CPR) तकनीक के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस परिचर्चा से समिति से जुड़े लगभग 100 सदस्य लाभान्वित हुए। शिविर के दौरान समिति की ओर से डॉ. अश्विनी शर्मा का सम्मान कर उनके बहुमूल्य मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में समाज की तीन विशिष्ट प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें समाजसेविका डॉ. रुचि गोस्वामी, डायरेक्टर ध्वनि फाउंडेशन; शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली सुश्री शेफाली गोस्वामी तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल मार्केटिंग एवं आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में विशेषज्ञता रखने वाले श्रेय गोस्वामी शामिल रहे।
अपने उद्बोधन में डॉ. रुचि गोस्वामी ने ध्वनि फाउंडेशन के माध्यम से संचालित सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए महिला सशक्तीकरण, बाल शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं कौशल विकास जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। शेफाली गोस्वामी ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों तथा श्रेय गोस्वामी ने एडवांस्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक और इस क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता एवं उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर समाज की त्रैमासिक पत्रिका के प्रकाशन की घोषणा भी की गई।
समिति अध्यक्ष नटवर गोस्वामी ने समिति द्वारा भविष्य में आयोजित किए जाने वाले सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। समिति महासचिव प्रबोध गोस्वामी ने अपने संबोधन में समाज सेवा के इस संकल्प से अधिक से अधिक सदस्यों को जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में समिति के संरक्षकगण ओमप्रकाश गोस्वामी, राधाकृष्ण गोस्वामी, अरुण गोस्वामी एवं नीरज गोस्वामी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। समाज की विशिष्ट हस्ती सुरमणि भास्कर गोस्वामी ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई दी।
कार्यक्रम का संचालन गोपेश भट्ट ने किया। आयोजन की संपूर्ण रूपरेखा, व्यवस्थाओं एवं सहयोग के लिए समिति की ओर से आशीष शर्मा, आदित्य अग्रवाल तथा सी.के. बिरला हॉस्पिटल के संपूर्ण प्रशासन के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!