महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में विधि-विधान से हुआ दीपावली पूजन

कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने की सुख, समृद्धि, ज्ञान एवं मंगलमय भविष्य की कामना

अजमेर, 31 अक्टूबर। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर में दीपावली के पावन अवसर पर पारंपरिक श्रद्धा एवं वैदिक विधि-विधान के साथ दीपावली पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश का विधिवत पूजन-अर्चन कर विश्वविद्यालय, समस्त शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य तथा उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।

पूजन के अवसर पर कुलगुरु प्रो. अग्रवाल ने कहा कि दीपावली भारतीय संस्कृति का ऐसा महापर्व है, जो हमें अंधकार से प्रकाश की ओर, अज्ञान से ज्ञान की ओर तथा निराशा से आशा की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। मां लक्ष्मी समृद्धि एवं वैभव की प्रतीक हैं, जबकि भगवान गणेश बुद्धि, विवेक और शुभारंभ के अधिष्ठाता हैं। इनकी आराधना हमें जीवन में ज्ञान, सद्बुद्धि, सकारात्मकता और सदाचार को अपनाने का संदेश देती है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा एवं शोध का केंद्र ही नहीं, बल्कि संस्कारों, नैतिक मूल्यों और सामाजिक चेतना के संवर्धन का भी महत्वपूर्ण संस्थान है। दीपावली का पर्व हमें अपने कार्यों में निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। विश्वविद्यालय परिवार का प्रत्येक सदस्य अपने दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करे, यही संस्थान की प्रगति और समाज के कल्याण का आधार है।

कुलगुरु ने सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं सकारात्मक ऊर्जा के संचार की कामना करते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रकाश का यह पर्व विश्वविद्यालय को शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा प्रदान करेगा।

दीपावली पूजन के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर में भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं, आध्यात्मिक चेतना और सामूहिक मंगलकामना का संदेश प्रसारित हुआ।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!