खानचन्दानी ने दीपावली पर वृद्धजनों को नए वस्त्र वितरित किए

अजमेर, 02 नवम्बर। ताराचन्द हुदलदास खानचन्दानी सेवा संस्था, अजमेर की ओर से दीपावली के अवसर पर श्री अमरापुर सेवा घर वृद्धाश्रम एवं प्रशिक्षण केन्द्र, 423, खेल मैदान के सामने, कोटड़ा, अजमेर में विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सात समंदर पार रह रहे संस्था के संरक्षक अमोलक खानचन्दानी की ओर से वृद्धाश्रम में निवासरत सभी बुजुर्गों एवं कर्मचारियों के लिए नए वस्त्र सिलवाकर वितरित किए गए।

संस्था के अध्यक्ष कंवल प्रकाश किशनानी ने बताया कि वर्तमान में आश्रम में 25 आवासी रह रहे हैं। आश्रम में सभी बुजुर्गों को नियमित रूप से प्रातःकाल चाय-नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि का भोजन, फल-फ्रूट तथा दूध उपलब्ध कराया जाता है। इसके साथ ही प्रत्येक माह चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते हैं तथा विभिन्न त्योहारों, धार्मिक आयोजनों, भजन-कीर्तन एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

उन्होंने बताया कि आश्रम में भामाशाह अपने जन्मदिवस, विवाह वर्षगांठ एवं पूर्वजों की पुण्यतिथि जैसे विशेष अवसरों पर आकर वृद्धजनों के साथ समय बिताते हैं तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। संस्था का उद्देश्य बुजुर्गों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें परिवार जैसा स्नेह, सम्मान और अपनापन प्रदान करना है।

इस अवसर पर संस्था के महासचिव हरी चन्दनानी, कोषाध्यक्ष सुनील खानचन्दानी, चन्दर नोतानी, रेणू खानचन्दानी सहित ट्रस्टीगण एवं आश्रम के आवासी उपस्थित रहे।

हरी चन्दनानी
मो. 9649750811

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!