एक घंटे तक लाइटें बंद रखकर दिया ऊर्जा बचत का संदेश

ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के अंतर्गत अजमेर मंडल में रेलकर्मियों एवं यात्रियों ने लिया ऊर्जा संरक्षण का संकल्प, एक घंटे तक लाइटें बंद रखकर दिया ऊर्जा बचत का संदेश
अजमेर। भारत की वर्ष 2026 में ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत 1 से 7 नवंबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह (BRICS Sustainable Lifestyle Week) के अंतर्गत उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इस सप्ताह का उद्देश्य जनभागीदारी एवं व्यवहार में सकारात्मक बदलाव के माध्यम से पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है। यह अभियान मिशन लाइफ (LiFE – Lifestyle for Environment) की अवधारणा पर आधारित है। इसके अंतर्गत सात प्रमुख विषयों को शामिल किया गया है, जिनमें स्वस्थ जीवनशैली, ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण, सतत खाद्य प्रणाली, एकल उपयोग प्लास्टिक में कमी, ई-कचरा प्रबंधन तथा कचरे में कमी शामिल हैं।
सप्ताह के प्रथम दिन, 1 नवंबर को ‘स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं (Adopt Healthy Lifestyles)’ विषय के अंतर्गत स्वस्थ एवं संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधियों तथा स्वच्छ परिवेश बनाए रखने के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
दूसरे दिन, 2 नवंबर को ‘ऊर्जा संरक्षण (Save Energy)’ विषय के तहत अजमेर मंडल के अजमेर, आबू रोड, उदयपुर सिटी, भीलवाड़ा, ब्यावर, फालना एवं मारवाड़ जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर रेलकर्मियों एवं यात्रियों द्वारा ऊर्जा संरक्षण की शपथ ली गई। इस अवसर पर प्रातः 10:00 बजे से 11:00 बजे तक एक घंटे के लिए लाइटें बंद रखकर ऊर्जा बचत का संदेश दिया गया। साथ ही, उपयोग में नहीं होने पर लाइट एवं विद्युत उपकरण बंद रखने तथा बिजली का विवेकपूर्ण उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया।
मंडल रेल प्रशासन ने रेलकर्मियों एवं यात्रियों से अपील की है कि मिशन लाइफ के संकल्पों को दैनिक जीवन में अपनाएं। ऊर्जा एवं जल बचाएं, प्लास्टिक का उपयोग कम करें और कचरे का उचित प्रबंधन करें। आइए, छोटे-छोटे प्रयासों से मिलकर स्वच्छ एवं हरित भविष्य का निर्माण करें।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!