उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, अजमेर मंडल की ओर से 4 नवंबर 2026 को दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में अजमेर रेलवे स्टेशन पर एक विशेष सम्मान एवं कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में अपना योगदान देने वाले 70 कार्यरत सफाई कर्मियों को संगठन की ओर से उपहार स्वरूप कंबल भेंट किए गए।
यह कार्यक्रम महिला कल्याण संगठन, अजमेर मंडल की अध्यक्षा श्रीमती रिंकल भूतड़ा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर संगठन की सचिव श्रीमती ज्योति उषाहरा, कोषाध्यक्ष श्रीमती मोनिका मीना सहित कार्यकारिणी की अन्य सदस्याएं भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्षा श्रीमती रिंकल भूतड़ा ने सभी कर्मियों एवं उनके परिवारजनों को दीपावली की अग्रिम हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्टेशन की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में सफाई कर्मियों की भूमिका सबसे अहम है, और त्योहार की खुशियां उनके साथ साझा करना संगठन के लिए गर्व का विषय है।
उपहार पाकर सभी सफाई कर्मियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी और उन्होंने महिला कल्याण संगठन का आभार व्यक्त किया। इस दौरान स्टेशन के अन्य रेल अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
*मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर*