अजमेर। राजस्थान महिला कल्याण मंडल द्वारा संचालित अद्वैत अर्ली इंटरवेंशन सेंटर, अजमेर में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास, उमंग एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड संख्या 76 के पार्षद श्री सतीश बंसल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता श्री गौरव शाक्य सुश्री भूमिका लालवानी ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में संस्था की सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती क्षमा आर. कौशिक तथा निदेशक श्री राकेश कुमार कौशिक भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सेंटर के बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। बच्चों ने अपनी प्रतिभा, उत्साह और आत्मविश्वास से सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि प्रत्येक बच्चे में अपनी विशिष्ट प्रतिभा होती है और उचित अवसर एवं प्रोत्साहन मिलने पर वे अपनी क्षमताओं का सुंदर प्रदर्शन कर सकते हैं।
इस अवसर पर बच्चों, अभिभावकों एवं स्टाफ सदस्यों ने मिलकर विभिन्न मनोरंजक एवं रोचक फन गतिविधियों में भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को आनंद लेने, आपसी संवाद बढ़ाने, सामाजिक सहभागिता एवं सामूहिक रूप से उत्सव मनाने का अवसर मिला। अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया।
अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों एवं उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही, बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।