राहुल गांधी ने सही चेताया—वोट देना अधिकार है, सरकारी योजनाओं का लाभ किसी वोटर कार्ड की शर्त पर नहीं होना चाहिए: डॉ जयपाल
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल तथा प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ लल्लन सिंह के उस बयान की कड़ी आलोचना की है, जिसमें सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की पहचान के लिए आधार कार्ड के स्थान पर वोटर आईडी के उपयोग की बात कही गई है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस गंभीर मुद्दे पर देश को आगाह करते हुए सवाल उठाया है कि आखिर सरकारी योजनाओं और नागरिकों के अधिकारों को वोटर लिस्ट से जोड़ने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है।
डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि राहुल गांधी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि वोट देना देश के प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, कोई शर्त नहीं। किसी गरीब की पेंशन, राशन, आवास, मनरेगा या अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ उसके वोटर कार्ड का मोहताज नहीं बनाया जा सकता।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आशंका है कि यदि सरकारी योजनाओं के लाभ को वोटर आईडी और मतदाता सूची से जोड़ा गया, तो मतदाता सूची से नाम हटने की स्थिति में गरीब और जरूरतमंद नागरिक अपने लोकतांत्रिक अधिकार के साथ-साथ सरकारी योजनाओं के लाभ से भी वंचित हो सकते हैं।
प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी ने जिस आशंका को देश के सामने रखा है, वह बेहद गंभीर है। आज पंचायती राज की योजनाओं के लिए वोटर आईडी की बात हो रही है, तो कल राशन, पेंशन, मनरेगा, आवास, छात्रवृत्ति और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ भी ऐसी शर्तें जोड़ी जा सकती हैं।
डॉ जयपाल ने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट मानना है कि जनकल्याणकारी योजनाएं किसी राजनीतिक विचारधारा या मतदाता सूची में नाम होने की शर्त पर नहीं, बल्कि नागरिकों की पात्रता और अधिकार के आधार पर मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इसे केवल “वोट चोरी” का नहीं, बल्कि “हक चोरी” का भी गंभीर खतरा बताया है। भाजपा सरकार को इस पूरे मामले पर तत्काल स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए कि केंद्रीय मंत्री के बयान के पीछे सरकार की वास्तविक नीति क्या है और क्या भविष्य में सरकारी योजनाओं के लाभ को वोटर आईडी से जोड़ने की कोई योजना बनाई जा रही है।
डॉ. जयपाल ने कहा कि भाजपा सरकार को लोकतंत्र और जनहित के मुद्दों पर जवाबदेही से भागने के बजाय देश की जनता के सामने स्पष्ट जवाब देना चाहिए। कांग्रेस पार्टी गरीबों, वंचितों और आम नागरिकों के वोट के अधिकार तथा उनके सामाजिक और आर्थिक अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
नाम कटने का मतलब वोट का अधिकार छिनना नहीं होना चाहिए और वोट के अधिकार को किसी भी स्थिति में गरीबों के जीवन और उनके हक-हुकूक से जोड़कर दबाव का माध्यम नहीं बनाया जा सकता।
निवेदक
शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी