विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने दी अजमेर को दीपावली की सौगात

पुरानी चौपाटी पर रोशनी एवं सजावट का शुभारम्भ, पुष्कर रोड पर जगमगाईं हैरिटेज लाइटें

7 करोड़ रुपये की लागत से लगाए 244 हैरिटेज पोल एवं 461 लाइटें

अजमेर, 6 नवम्बर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर अजमेर शहर को रोशनी की सौगात दी। उन्होंने पुरानी चौपाटी पर नगर निगम की ओर से दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर में कराई गई विशेष रोशनी एवं सजावट का शुभारम्भ किया। इसके साथ ही पुष्कर रोड पर अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) की ओर से कराए गए हैरिटेज लाइटिंग कार्य का भी लोकार्पण किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि दीपावली के पावन पर्व पर इस बार अजमेर शहर रोशनी से सराबोर नजर आएगा। आनासागर झील सवा लाख दीपों एवं आकर्षक विद्युत सजावट से जगमगाएगी। शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों, बाजारों एवं विभिन्न क्षेत्रों में विशेष प्रकाश व्यवस्था की गई है। नगर निगम एवं अजमेर विकास प्राधिकरण की ओर से धनतेरस से राम-राम तक शहर में रोशनी के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता बढ़ाने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रमुख चौराहों पर आवश्यकता के अनुसार हाईमास्ट एवं मिनी हाईमास्ट लाइटें स्थापित की जा रही हैं। दीपावली पर की गई विशेष सजावट से शहर का सौंदर्य और अधिक निखरेगा।

उन्होंने कहा कि एडीए द्वारा अजमेर शहर के सौंदर्यीकरण एवं सार्वजनिक पथ प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अद्वैत आश्रम से नौसर माता मंदिर तथा मित्तल तिराहे से टेलीफोन एक्सचेंज तक हैरिटेज लाइटिंग कार्य के लिए 7 करोड़ रुपये की लागत से कुल 244 हैरिटेज पोल एवं 461 हैरिटेज लाइटें स्थापित की गई है।

उन्होंने बताया कि इसी परियोजना के तहत हटाए गए पुराने पोल एवं लाइटों का भी पुनः उपयोग किया जा रहा है। इन्हें चामुंडा माता मंदिर रोड सहित अन्य क्षेत्रों में लगाया जा रहा है, जिससे शहर के विभिन्न हिस्सों में प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा।

श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर को सुंदर, स्वच्छ एवं आकर्षक शहर बनाने के लिए विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। दीपावली के अवसर पर की गई विशेष रोशनी शहरवासियों के उत्सव के उल्लास को और बढ़ाएगी।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती अनामिका शर्मा, शहर अध्यक्ष श्री रमेश सोनी, निगम आयुक्त श्री गौरव बुडानिया, पार्षद श्री विनोद डीडवानिया, श्रीमती मोनिका जैन एवं सुश्री काश्यपी सांखला सहित जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!