इन दिनों चर्चा है कि कोरोना काल में लगाई गई कोविषील्ड वैक्सीन के बुरे प्रभाव को समाप्त करने के लिए डिटोक्स के उपाय किए जा रहे हैं। वैक्सीन को लेकर आज भी अनेक लोगों के मन में चिंता है। खासकर यह सवाल उठता है कि क्या इस वैक्सीन के कारण शरीर में कोई ऐसा पदार्थ रह गया है, जिसे बाहर निकालने के लिए विशेष डिटॉक्स की आवश्यकता है?
इसका सीधा जवाब है कि अभी तक चिकित्सा विज्ञान में कोविशील्ड वैक्सीन के दुष्प्रभावों को समाप्त करने के लिए कोई प्रमाणित डिटॉक्स उपचार उपलब्ध नहीं है। न ही स्वस्थ व्यक्ति को केवल वैक्सीन लगने के कारण कोई विशेष डिटॉक्स कराने की जरूरत है। हालांकि, इसके कुछ संभावित दुष्प्रभावों को समझना जरूरी है।
कोविशील्ड, एस्ट्राजेनेका की तकनीक पर आधारित वैक्सीन है। इसके संबंध में कुछ दुर्लभ लेकिन गंभीर दुष्प्रभाव दर्ज हुए हैं। खून के थक्के बनना। इसमें खून के थक्के बनने के साथ प्लेटलेट्स कम हो सकते हैं। टीकाकरण के बाद हृदय संबंधी शिकायतों की जांच जरूरी हो सकती है, लेकिन हर ऐसी शिकायत को वैक्सीन से जोड़ना सही नहीं है। कुछ मामलों में नसों से संबंधित गिलियन-बैरे सिंड्रोम की रिपोर्ट भी आई है।
सोशल मीडिया पर कुछ उपायों का प्रचार किया जा रहा है, जैसे, नींबू पानी और विशेष डिटॉक्स ड्रिंक। हल्दी और अदरक का सेवन। एंटीऑक्सीडेंट सप्लीमेंट। नाटोकिनेज। विशेष प्रकार की डिटॉक्स थेरेपी। लेकिन इनमें से किसी के बारे में वैज्ञानिक प्रमाण नहीं हैं कि वह कोविशील्ड के कथित अवशेषों को शरीर से निकाल सकता है या वैक्सीन के दुष्प्रभावों को समाप्त कर सकता है। बिना चिकित्सकीय सलाह के एस्पिरिन, खून पतला करने वाली दवाएं या नाटोकिनेज लेना भी नुकसानदायक हो सकता है। यदि कोई व्यक्ति पूरी तरह स्वस्थ है और उसे कोई शिकायत नहीं है, तो केवल कोविशील्ड लगवाने के कारण विशेष जांच कराने की सामान्यतः आवश्यकता नहीं है। यदि कोई समस्या है तो डॉक्टर लक्षणों के अनुसार जांच निर्धारित कर सकते हैं।