विधानसभा अध्यक्ष देवनानी के निवास पर उमड़ा जनसैलाब

पांच दिवसीय दीपोत्सव में हजारों लोगों ने की आत्मीय मुलाकात, श्री देवनानी ने मिठाई खिलाकर दी शुभकामनाएं

     अजमेर, 10 नवम्बर। पांच दिवसीय दीपोत्सव के दौरान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के निवास पर दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम में हजारों की संख्या में शहरवासी उनसे मिलने पहुंचे। श्री देवनानी ने सभी से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान आमजन, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनसे मिलकर पर्व की खुशियां साझा कीं। उन्होंने जनसुनवाई कर आमजन की समस्याओं का भी समाधान किया।

     दीपावली स्नेह मिलन में नगर निगम महापौर श्रीमती अनामिका शर्मा सहित शहर के दर्जनों पार्षद भी पहुंचे। अजमेर के पक्ष एवं विपक्ष के पार्षदों ने भी श्री देवनानी से मुलाकात कर दीपोत्सव की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया।

     इस दौरान अनेक लोगों ने अपनी समस्याएं भी श्री देवनानी के समक्ष रखीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन को आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े कार्यों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।

     इस वर्ष दीपावली पर अजमेर शहर में की गई विशेष रोशनी, आकर्षक सजावट एवं आनासागर झील पर सवा लाख दीपकों से की गई दीप सज्जा लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। भव्य आतिशबाजी ने भी शहरवासियों का मन मोह लिया। आमजन ने पहली बार शहर में इतने व्यापक स्तर पर की गई रोशनी और सजावट की सराहना की।

     दीपोत्सव के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रही। प्रमुख मार्गों एवं बाजारों में कहीं जाम की स्थिति नहीं बनी। नगर निगम की ओर से विशेष सफाई व्यवस्था की गई, वहीं पुलिस प्रशासन की सजगता एवं प्रभावी पुलिसिंग के चलते किसी अप्रिय घटना अथवा वारदात की सूचना नहीं मिली। सुरक्षा की दृष्टि से अग्निशमन वाहन भी 24 घंटे तैनात रहे।

     आमजन ने दीपावली के दौरान शहर में बेहतर व्यवस्थाओं, स्वच्छता, सुरक्षा एवं सुगम यातायात के लिए विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के प्रयासों, सहयोग एवं निरंतर मॉनिटरिंग की सराहना की। पांच दिवसीय दीपोत्सव के दौरान शहर में उत्साह, उल्लास और सौहार्द का वातावरण बना रहा।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!