बेयरफुट कॉलेज के पर्याय थे संजीत बंकर रॉय

ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने वाले विलक्षण समाजसेवी को भावभीनी श्रद्धांजलि
अजमेर जिले के तिलोनिया स्थित बेयरफुट कॉलेज का नाम आते ही जिस शख्सियत का चेहरा सामने आता है, वे थे स्वर्गीय संजीत बंकर रॉय। उनका 10 नवंबर 2026 को 81 वर्ष की आयु में देहावसान हो गया। वे भारत में गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) की दुनिया के ऐसे आदर्श व्यक्तित्व थे, जिन्होंने ग्रामीण विकास और सामाजिक बदलाव की एक नई इबारत लिखी। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन ग्रामीण गरीबों को आत्मनिर्भर बनाने, उन्हें हुनरमंद बनाने और उनके भीतर आत्मसम्मान की भावना जागृत करने के लिए समर्पित कर दिया।
उनका चिंतन और जीवन-दर्शन इस विचार पर आधारित था कि ग्रामीण क्षेत्रों को मजबूत किया जाए तो शहरों की ओर होने वाला पलायन स्वतः कम हो सकता है। ग्रामीणों को अवसर, स्वाभिमान और आत्मसम्मान उपलब्ध कराए जाएं तो उन्हें शहरी झुग्गियों में जीवन बिताने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा।
30 जून 1945 को जन्मे संजीत बंकर रॉय का जीवन प्रारंभ से ही परंपरागत सुख-सुविधाओं और स्थापित करियर की राह पर चलने के बजाय कुछ अलग करने की प्रेरणा से जुड़ा रहा। बिहार में 1966-67 के अकाल के दौरान ग्रामीणों की दुर्दशा देखकर उनका जीवन-दृष्टिकोण बदल गया। उन्होंने महसूस किया कि ग्रामीण गरीबों की वास्तविक समस्याओं का समाधान उनके बीच रहकर और उनकी क्षमता को विकसित करके ही किया जा सकता है।
इसी सोच के साथ उन्होंने वर्ष 1972 में अजमेर जिले के तिलोनिया में सोशल वर्क एंड रिसर्च सेंटर की स्थापना की, जो आगे चलकर बेयरफुट कॉलेज के नाम से विश्वविख्यात हुआ।
इस संस्था की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसने ग्रामीणों को केवल सहायता का पात्र नहीं माना, बल्कि उन्हें अपने विकास का नेतृत्व करने में सक्षम बनाया। यहां ग्रामीणों को सौर ऊर्जा, जल संरक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और आजीविका से जुड़े कार्यों में प्रशिक्षित किया गया। विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं को सौर ऊर्जा इंजीनियर के रूप में तैयार करने का प्रयोग दुनिया भर में चर्चित हुआ। ऐसी महिलाएं, जिन्हें औपचारिक शिक्षा का अवसर भी नहीं मिला था, सौर ऊर्जा से संबंधित तकनीकी काम सीखकर अपने गांवों में बिजली और रोशनी पहुंचाने का माध्यम बनीं।
बेयरफुट कॉलेज ने रात्रिकालीन विद्यालयों के जरिए उन बच्चों तक शिक्षा पहुंचाने का प्रयास किया, जो दिन में परिवार के कामकाज या आजीविका से जुड़ी जिम्मेदारियों के कारण नियमित विद्यालय नहीं जा पाते थे। तिलोनिया का यह प्रयोग धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय पहचान हासिल करता चला गया। अफ्रीका सहित दुनिया के अनेक देशों की ग्रामीण महिलाएं यहां प्रशिक्षण लेने आने लगीं।
ग्रामीण विकास, सामाजिक उद्यमिता और टिकाऊ ऊर्जा के क्षेत्र में उनके योगदान को अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा गया। उन्हें वर्ष 1985 में ग्रामीण विकास के लिए विज्ञान एवं तकनीक के अनुप्रयोग का जमनालाल बजाज पुरस्कार तथा 1986 में पद्मश्री प्रदान किया गया। वर्ष 2003 में Ashden Award for Sustainable Energy और 2005 में Skoll Award for Social Entrepreneurship से सम्मानित किया गया। वर्ष 2010 में प्रतिष्ठित TIME पत्रिका ने उन्हें दुनिया की 100 सर्वाधिक प्रभावशाली हस्तियों में शामिल किया। उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि पुरस्कारों की संख्या नहीं, बल्कि वह विश्वास था जो उन्होंने ग्रामीण समाज के भीतर पैदा किया। उन्होंने साबित किया कि प्रतिभा और ज्ञान किसी डिग्री अथवा औपचारिक शिक्षा के मोहताज नहीं होते। अवसर और प्रशिक्षण मिले तो गांव का साधारण व्यक्ति भी असाधारण उपलब्धियां हासिल कर सकता है। आत्मिक, बौद्धिक और वैचारिक स्तर पर दुनिया के अनेक देशों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली इस महान शख्सियत को अजमेरनामा न्यूज पोर्टल की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि।
अरुणा रॉय के साथ सामाजिक बदलाव की साझी यात्रा
प्रसंगवश यह जानना भी दिलचस्प है कि एशिया के नोबेल पुरस्कार के समान माने जाने वाले प्रतिष्ठित मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित श्रीमती अरुणा रॉय उनकी धर्मपत्नी हैं। वे भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी रह चुकी हैं। वर्ष 1974 में उन्होंने प्रशासनिक सेवा छोड़कर सामाजिक कार्यों के लिए अपना जीवन समर्पित करने का निर्णय लिया और तिलोनिया स्थित अपने पति द्वारा स्थापित सोशल वर्क एंड रिसर्च सेंटर से जुड़ गईं।
अरुणा रॉय ने वर्ष 1983 तक इस संस्था के साथ काम किया। इसके बाद वे राजस्थान के देवडूंगरी क्षेत्र में सामाजिक कार्यों से जुड़ीं और वर्ष 1990 में मजदूर किसान शक्ति संगठन के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने मजदूरों के हक, पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए संघर्ष किया। विशेष रूप से सूचना के अधिकार के आंदोलन को उन्होंने नई दिशा और ताकत दी। इसी जनांदोलन ने आगे चलकर राजस्थान में सूचना के अधिकार की पहल को गति दी और अंततः देश में सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 लागू होने का मार्ग प्रशस्त किया।
इस प्रकार संजीत बंकर रॉय और अरुणा रॉय ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सामाजिक बदलाव की ऐसी मिसाल कायम की, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
संजीत बंकर रॉय भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन तिलोनिया की धरती पर उनके द्वारा रोपा गया आत्मनिर्भरता, स्वाभिमान और सामाजिक समानता का पौधा अब एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है। यही उनकी सबसे बड़ी विरासत है।
बेयरफुट कॉलेज के बारे में और अधिक जानकारी के लिए आप इस लिंक पर क्लिक कीजिए

About Us

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!