जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में देखी व्यवस्थाएं

मतदान सामग्री संग्रहण स्थल, स्ट्रांग रूम एवं मतगणना कक्षों का किया निरीक्षण

अजमेर, 13 नवम्बर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के सम्बन्ध में जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोक बन्धु ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचकर स्ट्रांग रूम एवं मतगणना से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक श्री हर्ष वर्धन भी उनके साथ रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोक बन्धु ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने मतदान सामग्री को सुरक्षित रखने तथा स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।
श्री लोक बन्धु ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में स्थापित विभिन्न मतगणना कक्षों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मतगणना के लिए निर्धारित कक्षों में आवश्यक व्यवस्थाओं, कार्मिकों के आवागमन, सुरक्षा प्रबंधों तथा अन्य तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मतगणना के  समय मतगणना दल के कार्मिकों को सुविधा मिलनी चाहिए। ईवीएम मशीन के परिवहन में आसानी रहे। मतगणना के दौरान निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्यवाही की जानी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ मतगणना की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मतगणना प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं निर्धारित निर्वाचन नियमों के अनुरूप संपादित करने के निर्देश दिए।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री हर्ष वर्धन ने भी स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। अधिकारियों ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया के साथ-साथ मतगणना कार्य को भी सुचारू एवं सुरक्षित रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल साथ रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!