कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से की शिष्टाचार भेंट

विश्वविद्यालय के समग्र विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता एवं एनईपी के प्रभावी क्रियान्वयन पर हुई सार्थक चर्चा; विश्वविद्यालय परिसर में निवासरत अर्धघुमंतू परिवारों के पुनर्वास का मुद्दा भी उठाया

अजमेर। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने राजस्थान विधानसभा के माननीय अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर कुलगुरु ने उन्हें दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। भेंट के दौरान दोनों के मध्य विश्वविद्यालय के समग्र विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता में अभिवृद्धि, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारों तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई। कुलगुरु प्रो. अग्रवाल ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं संस्थागत विकास संबंधी प्राथमिकताओं से भी विधानसभा अध्यक्ष को अवगत कराया।

इस अवसर पर कुलगुरु ने विश्वविद्यालय परिसर में लंबे समय से निवासरत अर्धघुमंतू (जोगी-कालबेलिया) परिवारों के समुचित पुनर्वास का महत्वपूर्ण विषय भी विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में इन परिवारों की स्थायी मौजूदगी के कारण व्यावहारिक कठिनाइयां सामने आ रही हैं। कुलगुरु ने इस समस्या के स्थायी एवं मानवीय समाधान की आवश्यकता पर बल देते हुए सुझाव दिया कि संबंधित परिवारों को राजस्थान सरकार की प्रचलित जनकल्याणकारी आवासीय एवं भूमि पट्टा योजनाओं से लाभान्वित कर उचित स्थान पर पुनर्वासित किया जाए। इससे एक ओर इन परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध हो सकेगा, वहीं दूसरी ओर विश्वविद्यालय परिसर को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं विकासोन्मुख बनाने में सहायता मिलेगी।

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने इस विषय को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से लेते हुए अजमेर विकास प्राधिकरण के माध्यम से समस्या के शीघ्र समाधान तथा आवश्यक कार्यवाही करवाने का आश्वासन दिया। यह शिष्टाचार भेंट विश्वविद्यालय के विकास एवं उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा देने के साथ-साथ विश्वविद्यालय परिसर से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं आधारभूत समस्याओं के समाधान की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण रही।

 

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!