दिलावर ने किया मरुधरा स्किलबॉट इंडिया फाउंडेशन के मुख्य कार्यालय का भव्य उद्घाटन

शिक्षा, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण एवं रोजगार के क्षेत्र में संस्था करेगी कार्य
कोटा, 22 नवंबर। शिक्षा, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण एवं रोजगार के क्षेत्र में नई पहल करते हुए मरुधरा स्किलबॉट इंडिया फाउंडेशन (Marudhara Skillbot India Foundation) के मुख्य कार्यालय का भव्य शुभारंभ रविवार को कोटा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के माननीय शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने फीता काटकर संस्था के नवीन मुख्य कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष श्री नवाब अहमद, उपाध्यक्ष श्रीमती नेहा परवीन एवं संस्था के संस्थापक श्री मोहम्मद साजिद सहित संस्था के निदेशक मंडल के सदस्य एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद चंद्र प्रकाश सुमन (काला तालाब, कोटा), समाजसेवी पंकज सक्सेना (पार्वतीपुरम), महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा मारड़िया (पार्वतीपुरम), सेवानिवृत्त सेना अधिकारी बाबूलाल मीणा एवं श्याम स्वरूप श्रोत्रिय सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
युवाओं को प्रशिक्षण से रोजगार तक पहुंचाना संस्था का मुख्य उद्देश्य
संस्था के अध्यक्ष श्री नवाब अहमद ने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मरुधरा स्किलबॉट इंडिया फाउंडेशन का उद्देश्य युवाओं को केवल डिग्री और प्रमाण-पत्र तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण, इंटर्नशिप एवं जॉब असिस्टेंस के माध्यम से रोजगार के अवसरों तक पहुंचाना है।
संस्था द्वारा आरोग्य सहेली, कौशल सेतु, प्रज्ञा, उड़ान, तालिम-ए-टेक एवं ज्ञानोदय जैसी प्रमुख योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, तकनीक, महिला सशक्तिकरण एवं रोजगार के अवसर समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
संस्था विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं एवं वंचित वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशिक्षण एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को बढ़ावा देगी।
मंत्री मदन दिलावर ने की पहल की सराहना
मुख्य अतिथि माननीय शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में कौशल आधारित शिक्षा एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को सराहनीय बताया।
संस्था के अध्यक्ष श्री नवाब अहमद ने माननीय मंत्री जी का कार्यक्रम में पधारने एवं अपना बहुमूल्य समय और मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही संस्था के संस्थापक श्री मोहम्मद साजिद के दूरदर्शी विचारों, निरंतर प्रयासों एवं समाजसेवा के संकल्प की भी सराहना की।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती शमा सत्यदेव ने किया। समारोह का समापन संस्था के पदाधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।
मरुधरा स्किलबॉट इंडिया फाउंडेशन ने इस अवसर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास एवं महिला सशक्तिकरण के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!