चार बालाएं राजस्थान में नई पीढ़ी की उम्मीद

-निरंजन परिहार

वर्षा झाला। कोमल भंवरिया। ममता गुर्जर और संतोष कुमारी। चार बालाएं। चारों की उम्र महज 21-22 साल। लेकिन चारों जिला प्रमुख। चारों के हाथों में पूरे जिले की कमान। चारों की आंखों में सपने। मगर, सामने सियासत की जमीन बेहद कठोर। सवाल यह है कि बाली उमर की ये बालाएं क्या राजस्थान में बदलाव की नई इबारत लिखेंगी? सवाल इसलिए क्योंकि सियासत के दरवाजे अक्सर उम्र, अनुभव और रसूख की चाबियों से खुलते हैं। यहां बरसों की तपस्या भी मंजिल की मोहताज होती है। लेकिन राजस्थान के चार जिलों में इस बार सियासत ने उम्र की चौखट लांघी है। झालावाड़ में वर्षा झाला। झुंझुनू में कोमल भंवरिया। ब्यावर में ममता गुर्जर। और जैसलमेर में संतोष कुमारी। चारों चारों जेन-जेड। मगर चारों जिला प्रमुख। और चारों ने उस सियासी व्यवस्था में अपनी जगह बनाई, जहां कदम-कदम पर अनुभव आड़े आता है। ये चारों नाम नई पीढ़ी के आत्मविश्वास की दस्तक हैं। ये उन सपनों की उड़ान हैं, जिन्हें अब तक सियासत की ऊंची दीवारों के बाहर खड़े होकर देखा जाता था। अब ये बेटियां उन दीवारों के भीतर हैं। फैसलों की बैठकों में हैं। और जिम्मेदारी के केंद्र में हैं।

निरंजन परिहार

हमारे राजस्थान की धरती ने बेटियों के संघर्ष की अनेक कहानियां देखी हैं। कभी जन्म से पहले उनको गर्भ में ही मार दिए जाने की घटनाएं, और पैदा हो जाए तो उनके अस्तित्व पर संकट। कभी शिक्षा के रास्ते में बंदिशें। कभी सपनों पर सामाजिक पहरे। तो कहीं परिवार में परंपरा की पतवार। ऐसे प्रदेश में बीस – बीइस साल की बेटियों का सियासत में पूरे जिले के नेतृत्व तक पहुंचना कोई सामान्य घटना नहीं। सामाजिक बदलाव का संकेत भी है। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी बढ़ाओ’ के बाद यह वक्त अब ‘बेटी को निर्णय लेने दो, बेटी को नेतृत्व करने दो, और बेटी को अपनी क्षमता साबित करने दो’ का है।

सियासत में उम्र को अनुभव की कसौटी माना गया है। संगठन की सीढ़ियां चढ़ना। चुनावी दांव-पेच समझना। नेताओं के बीच अपनी पैठ बनाना। सत्ता के गलियारों में लंबा सफर तय करना। यही नेतृत्व की पारंपरिक पहचान रही है। लेकिन वर्षा झाला, कोमल भंवरिया, ममता गुर्जर और संतोष कुमारी ने बता दिया है कि नेतृत्व हौसलों की विरासत भी है। अवसर मिले, तो युवा कंधे भी बड़ी जिम्मेदारियां उठा सकते हैं। हालांकि, इनका सफर आसान नहीं रहा। विपरीत परिस्थितियों में मिली जीत ने इन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। लेकिन जिला प्रमुख का पद किसी विजय जुलूस का आखिरी पड़ाव नहीं। यह जिम्मेदारियों की लंबी यात्रा का पहला मोड़ है। और असली परीक्षा यहीं शुरू होती है। इन चारों बालाओं के सामने प्रशासन की बारीकियां समझने की चुनौती है। जनहित के सवालों पर मुखर होने का दायित्व है। जनता की उम्मीदों को जमीन पर उतारने का दबाव है। और वरिष्ठ नेताओं के बीच अपनी बात कहने का साहस संजोने का समय है। सियासी झिझक को तोड़ना है। और सबसे अहम, अपने काम से खुद के होने को साबित करना है।

हमारे हिंदुस्तान में 21-22 साल की उम्र अक्सर भविष्य तलाशने की उम्र होती है। कोई पढ़ रहा होता है। कोई नौकरी के लिए संघर्ष कर रहा होता है। कोई परीक्षाओं की तैयारी में जुटा होता है। और कोई अपने मन के मीत के सपने देख रहा होता है। लेकिन ये चार युवतियां हजारों लोगों की आकांक्षाओं और जिले के विकास के सपने लेकर आगे बढ़ रही हैं। यह केवल उम्र का अंतर नहीं। अवसर का अंतर है। साहस का अंतर है। और थोड़ा थोड़ा किस्मत का भी। चारों की जीत जितनी प्रेरक है। रास्ता उतना ही कठिन है। और वहां टिके रहना तो उससे भी मुश्किल। यहां हर फैसले पर हर किसी की निगाहें होती हैं। हर बयान पर बहस होती है। हर कदम का हिसाब होता है। और फिर युवा नेतृत्व के सामने तो सवाल और भी तीखे होते हैं। अनुभव की कमी का ताना। स्वतंत्र फैसलों पर संदेह। क्षमता पर सवाल। और कभी-कभी केवल इसलिए भी आलोचना, क्योंकि नेतृत्व की कुर्सी पर चेहरा नया है, जो पुरानों को सुहाता कुछ कम है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या वर्षा झाला, कोमल भंवरिया, ममता गुर्जर और संतोष कुमारी पुरुषों के प्रभुत्व वाले पंचायती राज के मैदान में वरिष्ठ नेताओं के बीच अपनी स्वतंत्र पहचान बना पाएंगी? क्या वे फैसलों की नई दिशा तय करेंगी? या गांवों में निर्वाचित कई महिला प्रतिनिधियों की तरह केवल पिता, भाई या पति के साये में पद की शोभा बनकर रह जाएंगी? क्या उनके हाथों में वास्तविक सत्ता होगी, या केवल पद की औपचारिकता? सवालों से बचना नहीं चाहिए। क्योंकि महिला नेतृत्व का उत्सव मनाना जितना जरूरी है, उसकी स्वतंत्रता और प्रभाव सुनिश्चित करना उससे कहीं ज्यादा जरूरी है। अनुभव उम्र के साथ आता है, लेकिन जिम्मेदारी निभाने से निखरता है। संघर्ष से आकार लेता है। इन चारों बेटियों के पास शायद सियासी अनुभव कम है। लेकिन सीखने की उम्र ज्यादा है। ऊर्जा है। संघर्ष का जज्बा है और नए विचार को साथ साथ खुद को साबित करने का अवसर भी है।

वर्षा, कोमल, ममता और संतोष अपने पद को प्रतिष्ठा का प्रतीक बनाने के बजाय बदलाव का औजार बना सकती हैं। इन चारों बेटियों का जिला प्रमुख बनना उन हजारों लड़कियों के लिए भी एक संदेश है, जो सपने देखती हैं लेकिन अवसरों की कमी से जूझती हैं। गांव की वह लड़की, जो पंचायत की बैठक में बोलने से डरती है। वह छात्रा, जो सियासत में आना चाहती है, लेकिन इसे अपने लिए असंभव मानती है। वह युवा महिला, जो समाज की तय सीमाओं से आगे निकलना चाहती है। वर्षा, कोमल, ममता और संतोष इन चार चेहरों में वह अपने भविष्य की तस्वीर देख सकती है। बेशक, आने वाले दिन आसान नहीं होंगे। संघर्ष होगा। आलोचनाएं होंगी। सियासी दबाव होंगे। उन्हें अपनी पहचान बनानी होगी। अपने फैसलों पर खड़ा होना होगा। लेकिन चारों को अपने काम से हर सवाल का जवाब देना होगा। क्योंकि सियासत में चमकना आसान है। चमक को कायम रखना कठिन। क्योंकि उम्र छोटी है। अनुभव सीमित है। लेकिन संभावनाओं का आकाश बहुत बड़ा है। सियासत के पुराने किलों में नई दस्तक गूंज रही है। यह दस्तक अभी धीमी हो सकती है। लेकिन इसकी गूंज दूर तक जा सकती है। यही इस नई सियासी सुबह की सबसे बड़ी उम्मीद है!

(लेखक राजनीतिक विश्लेषक हैं)

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!