भारतीय बाल साहित्य की उत्कृष्ट कृतियों का सम्मान

टाटा ट्रस्ट्स की पहल पराग ने 2026 के पुरस्कारों और सम्मान सूची की घोषणा की

 मुंबई, नवंबर, 2026: टाटा ट्रस्ट्स की पहल पराग पिछले दो दशकों से भी ज्यादा समय से भारत में बाल साहित्य की दुनिया को आकार देने और मजबूत बनाने में अग्रणी भूमिका निभा रही है। इसके लिए यह भारतीय भाषाओं में मौलिक और अच्छे बाल साहित्य तक बच्चों की पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ ऐसे साहित्य के विकास और विस्तार में सक्रिय रूप से जुटी है। देश में पढ़ने की जीवंत संस्कृति बनाने के अपने सफर में एक और पड़ाव पार करते हुए पराग ने आज पराग लेखक पुरस्कार 2026, पराग चित्रकार पुरस्कार 2026 और पराग चिल्ड्रन्स चॉइस अवॉर्ड 2026 के विजेताओं की घोषणा की। इसके साथ ही पराग सम्मान सूची का सातवां संस्करण भी जारी किया गया।

पराग चिल्ड्रन्स चॉइस अवॉर्ड (पीसीसीए) का मकसद युवा पाठकों को साहित्यिक सम्मान के केंद्र में रखना है, ताकि वे उन कहानियों के लिए सीधे वोट कर सकें, जो उन्हें सबसे ज्यादा पसंद आईं। 2026 का यह अवॉर्ड इंद्रसेन पवार की लिखी और गगन होलकर की चित्रित पुस्तक “घर का रास्ता” को मिला है। इसे मुस्कान ने प्रकाशित किया है। विजेता किताब देश भर में हुए मतदान से चुनी गई, जिसमें 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 156 पुस्तकालयों से 7,000 से ज्यादा बच्चों ने हिस्सा लिया। बच्चों ने हिंदी की नौ चुनिंदा किताबें पढ़कर वोट दिया। इस किताब को लिखने वाले इंद्रसेन खुद एक किशोर हैं। भोपाल, मध्य प्रदेश में विमुक्त जनजातियों के साथ मुस्कान के काम के तहत उन्हें यह कहानी लिखने के लिए प्रोत्साहित किया गया था। कहानी एक छोटे लड़के की है, जो सूरज ढलने के बाद बारिश में घने जंगल से होकर साप्ताहिक मेले से घर लौट रहा है। इसमें बचपन में अंधेरे से लगने वाला डर भी है और मां की गोद का सुकून भी।

पराग सम्मान सूची 2026 के सातवें संस्करण में 68 चुनिंदा पुस्तकें शामिल हैं, जिनमें अंग्रेजी की 44 और हिंदी की 24 पुस्तकें हैं। इन्हें 425प्रविष्टियों में से स्वतंत्र निर्णायक मंडल ने चुना। अंग्रेजी पुस्तकों के लिए निर्णायक मंडल में आश्ती मुदनानी, जुनुका देशपांडे और प्रो. प्राची कालरा शामिल थीं, जबकि हिंदी पुस्तकों के लिए प्रभात, मनीषा चौधरी और मुकुल प्रियदर्शिनी ने चयन किया। इसके साथ ही सम्मान सूची के सात संस्करणों में अब तक कुल 354 उत्कृष्ट पुस्तकें जगह पा चुकी हैं। चुनी गई पुस्तकों में “गो गो फ्लेमिंगो”, “इला”, “माय वाइल्ड मोंगूस फ्रेंड”, “दिस इज हाउ आई ड्रॉ”, “पी.एन.के. पनिक्कर्स घोस्ट स्टोरीज”, “लाइंस/लकीरें”, “द फाइव फैंटास्टिक फ्लाइट्स ऑफ जेह”, “द पैंगोलिन प्रोटेक्टर्स”, “ई की मात्रा”, “क्या, है क्या ये?!” और “फैमिली ट्री” शामिल हैं।

इस वर्ष पराग लेखक पुरस्कार (कन्नड़ साहित्य पर केंद्रित) बल्लारी के लेखक और शिक्षक डॉ. के. शिवलिंगप्पा हंडिहाल को दिया गया है। उनकी समकालीन कहानियां, जिनमें साहित्य अकादमी बाल साहित्य पुरस्कार से सम्मानित संग्रह “नोट बुक” भी शामिल है, ग्रामीण बच्चों के जीवन और उनके रोजमर्रा के अनकहे संघर्षों को सामने लाती हैं। वहीं, पराग चित्रकार पुरस्कार शिवम चौधरी को दिया गया है। उनके चित्र आसपास की रोज की बातों को हास्य और अपनेपन के साथ पकड़ते हैं, जैसा कि “कुछ आता न जाता”, “मीरा मुखर्जी: ब्रेकिंग मोल्ड्स” और “बॉम्बे इज मुंबई” जैसी पुस्तकों में दिखता है।

पराग के योगदान पर जोर देते हुए टाटा ट्रस्ट्स के सीईओ सिद्धार्थ शर्मा ने कहा, “बच्चों में पढ़ने की संस्कृति बनाने के लिए उन्हें किताबें देने से आगे सोचना होता है। इसके लिए रचनाकारों, प्रकाशकों, शिक्षकों और संस्थानों का एक मजबूत तंत्र चाहिए, जो मिलकर बच्चों में साहित्य से लगाव पैदा करे। पिछले कई सालों में पराग ने बाल साहित्य के विकास, रचनात्मक प्रतिभाओं को निखारने और बच्चों के पढ़ने के सफर में साथ देने वालों की क्षमता बढ़ाने में लगातार निवेश करके इस तंत्र को मजबूत किया है। पराग इस बात की मिसाल है कि परोपकार से जुड़ी लगातार कोशिशें अलग-अलग पहलों से आगे जाकर लोगों की काबिलियत बढ़ा सकती हैं, आपसी सहयोग पैदा कर सकती हैं और पढ़ने की जीवंत संस्कृति की स्थायी नींव रख सकती हैं।”

टाटा ट्रस्ट्स में डिप्टी हेड ऑफ प्रोग्राम्स और हेड ऑफ एजुकेशन अमृता पटवर्धन ने कहा, “टाटा ट्रस्ट्स की पहल पराग भारतीय बाल साहित्य को बढ़ावा देकर बच्चों में समझ और आनंद के साथ पढ़ने की संस्कृति विकसित करने के लिए धैर्य के साथ काम कर रही है। एक ओर रचनाकारों और प्रकाशकों को सहयोग देकर और दूसरी ओर शिक्षकों और लाइब्रेरियन को प्रोत्साहित करके, यह कम उम्र से ही बच्चों की अच्छे साहित्य तक पहुंच और उसमें उनकी भागीदारी बढ़ाने में लगातार जुटी है। पुरस्कार और सम्मान अच्छी किताबों और उनके रचनाकारों को सामने लाने और सराहने का हमारा एक तरीका हैं। इससे बाल साहित्य के पाठकों का दायरा बढ़ाने में मदद मिलती है। सभी विजेताओं को हमारी हार्दिक बधाई!”

2026 के पुरस्कार विजेताओं को औपचारिक रूप से पराग उत्सव 2026 में सम्मानित किया जाएगा। भारतीय बाल साहित्य पर केंद्रित पराग का यह प्रमुख सालाना आयोजन शुक्रवार, 27 नवंबर, 2026 को मुंबई के नेशनल सेंटर फॉर द परफॉर्मिंग आर्ट्स (एनसीपीए) में होगा। इस उत्सव में लेखक, चित्रकार, प्रकाशक, शिक्षक और युवा पाठक एक साथ जुटेंगे और भारत में पढ़ने की संस्कृति का भविष्य संवारने वाले इस जीवंत समुदाय का जश्न मनाएंगे।

पराग सम्मान सूची देखने और पुरस्कार विजेताओं, निर्णायक मंडल के सदस्यों और चिल्ड्रन्स चॉइस अवॉर्ड की विजेता पुस्तक के बारे में ज्यादा जानने के लिए यहां क्लिक करें: पराग पुरस्‍कार 2026।पराग

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!