संविधान के मूल्यों और लोकतांत्रिक भागीदारी के संदेश के साथ गिरधारीपुरा में मनाया संविधान दिवस
जयपुर। “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान – संविधान से विकसित भारत” थीम के तहत सामाजिक संस्था बेसिक फाउंडेशन की ओर से जयपूर के गिरधारीपुरा में संविधान दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 500 लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
समारोह में युवाओं द्वारा संविधान के मूल्यों पर आधारित नाटक का मंचन किया गया। इसके साथ ही राजस्थानी लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से संविधान, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया तथा संविधान एम्बेसडर ने संवैधानिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारियों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में संविधान आधारित प्रश्नोत्तरी का आयोजन जलाल मंसूरी द्वारा किया गया। इसमें बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रश्नोत्तरी के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान संविधान दिवस के उपलक्ष्य में केक काटकर भी उत्सव मनाया गया।
कार्यक्रम में भारत अपडेट समाचार से बाबूलाल नागा, माय भारत की ओर से शरद त्रिपाठी, गिरधारीपुरा क्षेत्र के पूर्व एवं वर्तमान पार्षदों सहित विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। शरद त्रिपाठी ने युवाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा सामुदायिक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों से जुड़ने के अवसरों के बारे में बताया। मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त न्यायाधीश टी.सी. राहुल एवं सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी सत्यवीर सिंह शामिल हुए।
इस अवसर पर संविधान, न्याय, लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाले 25 से अधिक व्यक्तियों को संविधान एम्बेसडर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के माध्यम से समाज में संवैधानिक चेतना के प्रसार और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में योगदान देने वाले व्यक्तियों के प्रयासों को सराहा गया।
संस्था की ओर से सुंदर सिंह ने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और गरिमा का अधिकार देने वाला आधार है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य संवैधानिक मूल्यों को समुदाय तक पहुंचाना, युवाओं में जागरूकता बढ़ाना और नागरिकों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।