डॉक्टर कौन? इलाज करने वाला या शोध करने वाला? एक ही उपाधि से भ्रम पैदा होता है। ज्ञातव्य है कि किसी व्यक्ति के नाम के आगे डॉ. लगा हो तो सहज ही उसके चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ा होने का आभास होता है। आम आदमी यही समझता है कि संबंधित व्यक्ति डॉक्टर है और बीमारियों का इलाज करने में सक्षम है। मगर जरूरी नहीं कि ऐसा हो। संभव है कि उसके नाम के आगे लगा डॉ. चिकित्सा की नहीं, बल्कि किसी विषय में शोध करके हासिल की गई पीएचडी की उपाधि का परिचायक हो। यहीं से एक दिलचस्प सवाल पैदा होता है कि आखिर डॉक्टर कौन है? वह व्यक्ति जो मरीजों का इलाज करता है या वह व्यक्ति जिसने किसी विषय में गहन शोध करके डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की है?
दरअसल, डॉक्टर शब्द का अर्थ केवल चिकित्सा तक सीमित नहीं है। इसका मूल संबंध विद्वत्ता, ज्ञान और शिक्षण से है। चिकित्सा विज्ञान में एमबीबीए, एमडी और अन्य मान्य चिकित्सा योग्यताएं हासिल करने वाले व्यक्ति डॉक्टर कहलाते हैं, जबकि किसी विषय में निर्धारित शोध प्रक्रिया पूरी कर पीएचडी हासिल करने वाला व्यक्ति भी अकादमिक डॉक्टर कहलाता है। दोनों का अपने-अपने क्षेत्र में डॉक्टर कहलाना उचित है। मगर सवाल उपाधि की वैधानिकता का नहीं, बल्कि उससे पैदा होने वाले सामाजिक भ्रम का है। मसलन, किसी अखबार में खबर छपती है कि डॉ. शर्मा ने कहा, तो पाठक यह मान सकता है कि शर्मा जी चिकित्सा विशेषज्ञ हैं। जबकि वास्तविकता यह हो सकती है कि उन्होंने इतिहास, हिंदी साहित्य, समाजशास्त्र अथवा राजनीति विज्ञान में पीएचडी की हो। इसी प्रकार किसी सार्वजनिक मंच पर किसी व्यक्ति को डॉक्टर कहकर संबोधित किया जाए तो श्रोता उसके चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े होने का अनुमान लगा सकते हैं। यह भ्रम तब और गंभीर हो सकता है, जब कोई व्यक्ति चिकित्सा संबंधी सलाह देने के लिए अपने नाम के आगे डॉक्टर लिखता है, जबकि उसके पास चिकित्सा उपचार की मान्य योग्यता नहीं है। यहां यह समझना जरूरी है कि पीएचडी कोई छोटी-मोटी उपलब्धि नहीं है। इसके लिए वर्षों तक अध्ययन, शोध, विषय की गहरी समझ और मौलिक निष्कर्ष प्रस्तुत करने पड़ते हैं। इसलिए पीएचडी धारक को डॉक्टर कहने पर आपत्ति करना उसकी शैक्षणिक उपलब्धि को कमतर आंकना होगा। दूसरी ओर, चिकित्सा क्षेत्र के डॉक्टरों की विशिष्ट योग्यता और जिम्मेदारी को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। तो सवाल उठता है कि फिर रास्ता क्या है? रास्ता बहुत सरल है। नाम के आगे डॉक्टर लिखने के साथ उसकी विशेषज्ञता भी स्पष्ट कर दी जाए। मसलन, डॉ. रमेश शर्मा एमबीबीएस एमडी अथवा डॉ. सुरेश शर्मा पीएचडी इतिहास। इससे न किसी की शैक्षणिक गरिमा प्रभावित होगी और न आम आदमी भ्रमित होगा। समाचार माध्यमों की भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकारिता में केवल नाम के आगे डॉ. लिख देना पर्याप्त नहीं होना चाहिए। संबंधित व्यक्ति की वास्तविक योग्यता और कार्यक्षेत्र का उल्लेख किया जाना चाहिए। आखिर उपाधियों का उद्देश्य व्यक्ति की उपलब्धि और विशेषज्ञता की पहचान कराना है, न कि आम आदमी को भ्रमित करना। डॉक्टर की उपाधि एक हो सकती है, लेकिन उसके पीछे की विशेषज्ञता अलग-अलग। इसलिए डॉक्टर की पहचान केवल उसके नाम के आगे लगे दो अक्षरों से नहीं, बल्कि उसकी वास्तविक योग्यता से होनी चाहिए।