अजमेर में 40 से अधिक विकास परियोजनाओं पर चल रहा है काम, सैकड़ों करोड़ के विकास कार्य प्रगतिरत
अजमेर, 28 नवम्बर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शनिवार को रामनगर स्थित पंचोली चौराहे से लक्ष्मी पैलेस तक 24.75 लाख रुपये की लागत से होने वाले सड़क निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया। सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा करवाए जाने वाले इस कार्य से क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़क की समस्या से राहत मिलेगी तथा स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा होगी।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में प्रगतिरत 39 सड़कों का निर्माण कार्य दिसम्बर माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। सड़कें किसी भी क्षेत्र की विकास यात्रा की जीवनरेखा होती हैं। बेहतर सड़क व्यवस्था से आवागमन सुगम होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है तथा शिक्षा एवं चिकित्सा सुविधाओं तक आमजन की पहुंच आसान होती है।
उन्होंने कहा कि अजमेर को विकास की नई पहचान दिलाने के लिए सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, खेल एवं पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में बड़े प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। शहर में 40 से अधिक विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें से अधिकांश परियोजनाओं के कार्य इसी वर्ष पूरे होने की उम्मीद है। अजमेर के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रखी जाएगी। राज्य सरकार आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है।
श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर को स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। पिछले ढाई वर्षों में शहर में सैकड़ों करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। रिंग रोड की दिशा में भी चार प्रमुख सड़कों का विकास एवं विस्तार किया जा रहा है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि माकड़वाली क्षेत्र में लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से 80 हजार दर्शकों की क्षमता वाला मल्टीपर्पज स्टेडियम बनाया जा रहा है। इसी प्रकार लगभग 28 करोड़ रुपये की लागत से कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। इसमें 1400 से अधिक व्यक्तियों की क्षमता वाला सभागार, कैफेटेरिया, रेस्टोरेंट एवं आधुनिक कॉन्फ्रेंस स्पेस विकसित किए जाएंगे। पंचशील क्षेत्र में 42 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक साइंस पार्क का निर्माण भी किया जा रहा है। इसमें ऑडिटोरियम, प्लेनेटेरियम, एग्जीबिशन हॉल एवं सेमिनार कक्ष जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती अनामिका शर्मा, पार्षद श्रीमती मोनिका जैन एवं श्री विनोद डिडवानिया, मंडल अध्यक्ष श्री रचित कच्छावा, श्री संजय सांखला, श्री शेखर उबाना, श्री सीताराम शर्मा, श्री विजय कुमार साहू, श्री दीपक काकानी, श्री अनिल मेघवंशी, श्री रमेश चंद्रसेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।