जनवरी में एक बार फिर कार खरीदारों ने कंपनियों को खुश होने का मौका दे दिया। इस महीने देश की दिग्गज कंपनियों मारुति सुजुकी, हुंडई और महिंद्रा एंड महिंद्रा की बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं टाटा मोटर्स, टोयोटा किर्लोस्कर, जनरल मोटर्स और फोर्ड इंडिया के लिए साल की शुरुआत अच्छी नहीं रही।
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता मारुति सुजुकी की बिक्री रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। कंपनी की बिक्री पिछले साल के मुकाबले 1.96 फीसद बढ़कर 1,03,026 लाख इकाई हो गई। दूसरी सबसे बड़ी कंपनी हुंडई मोटर इंडिया की बिक्री भी 1.19 फीसद बढ़कर 34,302 इकाई हो गई। महिंद्रा एंड महिंद्रा की स्कॉर्पियो, एक्सयूवी 500, जायलो, बोलेरो और वेरिटो सहित सभी यात्री गाड़ियों की बिक्री 32.94 फीसद बढ़कर 26,555 हो गई।
होंडा कार्स इंडिया की बिक्री भी तीन गुना बढ़कर 5,451 हो गई, पिछले साल घरेलू बाजार में कंपनी ने 1,784 कारें बेची थीं। दूसरी ओर टाटा मोटर्स के यात्री वाहनों की बिक्री 56.13 फीसद लुढ़ककर 15,209 वाहन रह गई। टोयोटा मोटर की बिक्री 23.37 प्रतिशत घटकर 13,329 कार रह गई। जनरल मोटर्स इंडिया की बिक्री 7.92 प्रतिशत घटकर 7,588 कार रह गई, जबकि फोर्ड इंडिया की घरेलू बिक्री 33.65 प्रतिशत घटकर 6,062 कार रह गई। रेनॉ इंडिया की बिक्री पांच गुना बढ़कर 4,914 कार हो गई।
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड के उपाध्यक्ष (बिक्री एवं विपणन) राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि मुश्किल आर्थिक माहौल के कारण कार बाजार पर दबाव बरकरार है। कंपनी ने ग्रामीण बाजार और नए विपणन रणनीतियों को अपनाकर बिक्री में बढ़ोतरी हासिल की है। महिंद्रा एंड महिंद्रा के मुख्य कार्यकारी (वाहन शाखा) प्रवीण शाह ने कहा कि नीतिगत ब्याज दरों में हालिया कटौती से आर्थिक माहौल में सुधार होने की उम्मीद है। इससे कार बाजार भी रफ्तार पकड़ेगा।
दोपहिया वाहन श्रेणी में होंडा मोटरसाइकिल्स एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआइ) की बिक्री 21.63 प्रतिशत बढ़कर 2,30,304 हो गई। इंडिया यामाहा की बिक्री 13.25 प्रतिशत बढ़कर 29,785 दोपहिया वाहन हो गई। पिछले सुजुकी मोटरसाइकिल्स की बिक्री भी 13.91 प्रतिशत बढ़कर 39,982 हो गई।
