प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवारी को लेकर लगातार हो रही बयानबाजी के कारण भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने पार्टी नेताओं को चुप रहने की नसीहत दी। राजनाथ सिंह ने सख्त लहजा अपनाते हुए कहा कि यह उनकी आखिरी अपील है। इसके बावजूद नेता नरेंद्र मोदी के समर्थन में लगातार बयानबाजी कर रहे हैं।
कुछ दिनों पहले यशवंत सिन्हा ने मोदी को प्रधानमंत्री उम्मीदवार घोषित करने की मांग की थी तो साथ में राम जेठमलानी, कलराज मिश्र, शत्रुघ्न सिन्हा जैसे कई नेता खड़े हो गए थे। माना जा रहा है कि इस सख्त चेतावनी से पहले राजनाथ ने पार्टी के अंदर भी वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की थी। लेकिन कुछ ही देर में शत्रुघ्न सिन्हा, सीपी ठाकुर, मेनका गांधी और मुख्तार अब्बास नकवी जैसे कुछ नेताओं ने फिर से बयान दे दिया। चलिए हम आपको मोदी के समर्थन में भाजपा के नाथ राजनाथ की नसीहत को धता बनाने वाले बयान बताते हैं।
– भाजपा बिहार के पूर्व अध्यक्ष सीपी ठाकुर ने कहा है कि नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी घोषित करने से भाजपा को फायदा पहुंचेगा। इसके पीछे कई कारण हैं।
-बिहार के रहने वाले भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा है कि यशवंत सिन्हा काफी अनुभवी नेता हैं। वह कभी हल्की बात नहीं करते। जो उन्होंने कहा, मैं उसका समर्थन करता हूं।
-भाजपा नेता मेनका गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के लिए अच्छा प्रधानमंत्री साबित होंगे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी जो फैसला लेगी, उस पर अमल किया जाएगा।