मुस्लिमों के दिल पर भी छा गए मोदी

modi 2013-2-13नरेंद्र मोदी को सांप्रदायिक और खासकर मुस्लिम विरोधी साबित करने वालों के लिए एक और बुरी खबर। गुजरात विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद मोदी ने नगरपालिका चुनाव में भी कांग्रेस को करारी मात दी है। सबसे उल्लेखनीय यह है कि जामनगर जिले के मुस्लिम बहुल नगर सलाया में भाजपा के 24 मुस्लिम प्रत्याशियों समेत सभी 27 उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। शेष तीन प्रत्याशी हिंदू हैं।

दशकों तक कांग्रेस के प्रभुत्व वाले इस शहर में इस बार उसका एक भी प्रत्याशी जीत हासिल नहीं कर सका। सलाया में 90 फीसद आबादी मुस्लिम है। सलाया अपने विशालकाय और आधुनिक पावर प्रोजेक्ट के लिए जाना जाता है।

भाजपा ने कुल 76 में 47 नगर पालिकाओं पर कब्जा किया है। कांग्रेस को केवल नौ नगरपालिकाओं में बढ़त मिली है। दो नगर पालिकाओं पर भाजपा ने निर्विरोध जीत हासिल कर ली थी। दस फरवरी को 76 में से 74 नगर पालिकाओं की 1921 सीटों के लिए हुए चुनावों के नतीजे मंगलवार को घोषित हुए। इनके अनुसार भाजपा ने 1153 सीटों पर जीत हासिल की और कांग्रेस ने 447 पर। शेष सीटें अन्य दलों और खासकर निर्दलीयों के खाते में गई हैं। नौ नगरपालिकाओं पर निर्दलीयों का कब्जा होगा। दस पर किसी को बहुमत नहीं मिला। एक नगरपालिका चुनाव की मतगणना रोकी गई है। इन चुनावों में केशुभाई पटेल की गुजरात परिवर्तन पार्टी को 54 सीटें मिली हैं। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने 608 सीटें जीती थीं और 20 नगर पालिकाओं पर बढ़त हासिल की थी।

विधानसभा में हार का सामना कर चुके कांग्रेस अध्यक्ष अर्जुन मोडवाडिया ने भाजपा की अप्रत्याशित जीत में ईवीएम के योगदान का आरोप लगाया है। मोदी ने ट्वीट के जरिये इसे ‘बड़ी जीत’ बताते हुए लगातार भरोसा जताने के लिए मतदाताओं को धन्यवाद दिया है। उन्होंने चुनाव जिताने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी है।

error: Content is protected !!