दिल्ली, जागरण संवाददाता। कापसहेड़ा थानाक्षेत्र में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना रविवार की है। बच्ची के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य मामले में एक महिला ने मकान मालिक के साले पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, रविवार रात एक पांच साल की बच्ची कापसहेड़ा बॉर्डर पर रोती मिली। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची की खराब हालत को देखते हुए उसे अस्पताल में भर्ती कराया। उसके शरीर के कई जगह पर चोट के निशान पाए गए। डॉक्टरों ने जांच के दौरान बताया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया है। बच्ची की पहचान हरियाणा के गुड़गांव निवासी के रूप में हुई और उसके परिजनों को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि बच्ची का सफदरजंग अस्पताल में ऑपरेशन कराया गया है। इसके बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारी पूरे प्रकरण पर कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि बच्ची ने अब तक पुलिस को कुछ खास जानकारी नहीं दी है। साथ ही उसके परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। उधर, सोमवार को कापसहेड़ा इलाके में ही रहने वाली एक महिला ने मकान मालिक के साले पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है।