मूलचन्द पेसवानी-भीलवाड़ा। केन्द्रीय श्रम संगठनों के आह्वान पर राज्य के विभिन्न श्रमिक संगठनों ने बुधवार से दो दिन की हड़ताल शुरू कर दी। इस दौरान शहर में बैंक,बीमा,रोडवेज और निजी कंपनियों के मजदूर भी हड़ताल पर चले गए। रोडवेस बस कर्मचारियों के हड़ताल में शामिल होने के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही हैं। बैंक बंद रहने से करोड़ों का लेनदेन अटक गया। पेट्रोल पम्प भी कुछ घण्टे बंद रहे। हड़ताल के चलते जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ हैं। हड़ताली श्रमिकों ने विशाल रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंच कर अपनी मांगों का ज्ञापन प्रशासन को दिया। श्रम संगठनों के आह्वान पर आज से प्रारम्भ हुई दो दिवसीय हड़ताल के पहले दिन श्रमिक संगठनों के कर्मचारी, श्रमिक व अन्य लोग आजाद चौक में जमा हुए। जहां से विशाल रैली प्रारम्भ हुई। रैली शहर के मुख्य-मुख्य मार्गों से होती हुई कलेक्ट्रेट पहुंची। पूरी रास्ते हड़ताली कर्मचारी अपनी मांगों के नारे लगाते चल रहे हैं। महिलाओं में भी खासा जोश नजर आया। रेलवे स्टेशन से होती हुई रैली कलेक्ट्रेट पहुंची। जहां श्रमिकों ने प्रदर्शन के बाद ज्ञापन दिया। उधर हड़ताल के चलते आज रोडवेज बसों के संचालन पूरी तरह से ठप्प हो गया। आज बस स्टेण्ड से सिर्फ ब्यावर के लिए एक बस निकली। सुबह रोडवेजकर्मियों ने प्रदर्शन किया और बसों का संचालन ठप कर दिया। जिसके चलते रोड़वेज बसों से यात्रा करने वाले लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं। कई कर्मचारी काम पर पहुंच सके हैं। वहीं रोड़वेज बस स्टेण्ड पर सन्नाटा पसरा हुआ हैं और कर्मचारी बसों की छतों पर बैठ ताश खेलते आए जबकि कुछ कर्मचारी बस अड्डे पर बिस्तर लगाकर धरने पर बैठे नजर आए। वहीं महिला कर्मचारियों ने कार्यालय की सीढिय़ों पर बैठकर प्रदर्शन करती नजर आई।
करोड़ों के चेक अटके
हड़ताल से आरबीआई में करोड़ों रुपये के चेकों की क्लीयरिंग अटक गई है इसके अलावा एटीएम सेवाएं भी प्रभावित होने लगी हैं। बैंकों में लेन-देन बंद होने से एटीएम पर सुबह से लोगों की भीड़ नजर आई। अगले दो दिनों तक बैंकों के एटीएम में पैसा रिलोड नहीं होंगे। वहीं बड़ी संख्या में मजदूरों के हड़ताल पर चले जाने की वजह से निजी कारखानों और फैक्ट्रियों में भी कामकाज प्रभावित रहा। पुर रोड़ स्थित रिको क्षेत्र की अधिकांश फैक्ट्रियों में कामकाज ठप हैं।
यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक एम्पलाईज यूनियन्स के आह्वान पर बैंकों के बाहर कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने प्रदर्शन कर बैंकों के ताले नहीं खोले जिससे करोड़ों रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ। एसबीबीजे की मुख्य शाखा पर कर्मचारी एवं अधिकारी एकत्रित हुए एवं जमकर नारेबाजी की। यूनियन के संरक्षक सुरेन्द्र कुमार जैन, अध्यक्ष जे.के. पारख, सचिव एस.एल. सांखला आदि ने अपने विचार रखे।
कृषि मण्डी में भी सन्नाटा श्रमिकों की हड़ताल के चलते कृषि उपज मण्डी में भी सन्नाटा पसरा रहा। वहां आज किसी तरह की खरीद-फरोख्त नहीं हुई। बाहर से आए किसानों को आज बेरंग लौटना पड़ा।