यशवंत सिन्हा ने दी लोकसभा से इस्तीफे की धमकी

yashwant singhनई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता व हजारीबाग से सांसद यशवंत सिन्हा ने पार्टी पर अपनी उपेक्षा का आरोप लगाते हुए लोकसभा से इस्तीफे की धमकी दी है। सिन्हा रविंद्र राय को झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से नाराज हैं।

यशवंत सिन्हा ने सोमवार को कहा कि पार्टी में उनकी बात नहीं सुनी जाती। प्रदेश की राजनीति को लेकर पहले भी उपेक्षा का आरोप लगा चुके सिन्हा ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश में शीर्ष स्तर पर फेरबदल से पहले उनसे सलाह-मशविरा किया जाना चाहिए था। उधर, मामले को तुल पकड़ता देख पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने यशवंत सिन्हा से बात कर उनसे इस्तीफा न देने का आग्रह किया है।

गौरतलब है कि अभी संसद का बजट सत्र चल रहा है और हर दिन की कार्रवाई शुरू होने से पहले पार्टी रणनीतिक बैठक करती है जिसकी अध्यक्षता लालकृष्ण आडवाणी करते हैं। आज जैसे ही बैठक शुरू हुई पार्टी नेता यशवंत सिन्हा ने आडवाणी के पैर छुए और कहा कि जब पार्टी के अंदर ही उनकी बात नहीं सुनी जाती है तो उनका संसद में पार्टी का प्रतिनिधित्व करना सही नहीं होगा। ऐसा कहकर सिन्हा बैठक से बाहर चले गए।

सिन्हा की नाराजगी जानने के लिए जसवंत सिंह को उनसे मिलने भेजा गया। पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह इस समय कोलकाता में हैं और उन्हें आज रात तक वापस लौटना है। उन्हें जब यह खबर मिली तो उन्होंने सिन्हा से फोन से बात की और कहा कि उनके दिल्ली लौटने से पहले वह किसी तरह का कदम न उठाएं।

error: Content is protected !!