दिल्ली में नीतीश की रैली के गहरे संकेत, लालू को लगता है दिखावा

nitesh with laluनई दिल्ली। दिल्ली में भले ही जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का कोई खास जनाधार न हो लेकिन बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अधिकार रैली ने प्रदेश भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। दिल्ली में नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में ऊंट किस करवट बैठेगा? यह, अब बहुत कुछ नीतीश की घोषणा पर निर्भर हो सकता है।

जैसी कि संभावना जताई जा रही है कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की स्थिति में नीतीश व भाजपा का गठबंधन टूट सकता है। मदद पाने के लिए कांग्रेस के पाले में नीतीश कुमार जा सकते हैं। यदि दिल्ली विधानसभा चुनाव से ऐसा पहले होता है तो लाभ कांग्रेस को मिल सकता है। जितनी बड़ी संख्या में अधिकार रैली में बिहार से लोग आए और बिहार से संबंध रखने वाले दिल्ली में रह रहे लोग पहुंचे हैं, उसे कोई भी दल अपनी ओर समेटना चाहेगा। यदि नीतीश व भाजपा का गठबंधन बना रहा तो लाभ भाजपा को मिल सकता है। राजनीति के जानकार बताते हैं कि दिल्ली की कांग्रेसी सरकार द्वारा भले ही ज्यादातर अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित किए जाने पर मोहर लगा दी गई हो लेकिन चुनाव में इसका लाभ कांग्रेस को मिलना मुश्किल हो सकता है। इन कॉलोनियों में रहने वाले लोगों की अच्छी-खासी संख्या बिहार के लोगों की है। ये लोग नीतीश की अधिकार रैली को सम्मान से जोड़कर देख रहे हैं। और बात जहां सम्मान की आती है तो परंपरागत वोटों को भी दरकते हुए देखा गया है।

इसलिए यदि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिलता तो कांग्रेस को नुकसान विधानसभा व लोकसभा दोनों चुनावों में हो सकता है। दिल्ली विधानसभा चुनाव तो नवंबर 2013 में होने की संभावना है, जबकि लोकसभा चुनाव अप्रैल-मई 2014 में होना है।

नीतीश कुमार ने यह कहकर दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित पर एक तरह से प्रहार किया कि दिल्ली में जिस स्थिति से बिहार से आने वाले लोग रहते हैं वह बदतर है। क्या ऐसे लोगों को राज्य की विकास की जरूरत नहीं है? जाहिर है कि नीतिश ने कहीं न कहीं यह संकेत भी दे दिया है कि दिल्ली में जो विकास हुआ वह भी आधा अधूरा है। कमजोर राज्यों से आने वाले लोगों के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार यहां किया जाता है। राजनीतिज्ञ मानते हैं कि नीतीश कुमार की इस रैली का दूरगामी प्रभाव देखने को मिलेगा। जिसमें प्रथम परीक्षा के रूप में दिल्ली विधानसभा का चुनाव आ रहा है।

अधिकार रैली दिखावा : लालू

रेवाड़ी । राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार के विकास के झूठे दावे पेश कर रहे हैं। अधिकार रैली सिर्फ दिखावा है। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी प्रहार करते हुए कहा कि वह पीएम बनने के लिए छटपटा रहे हैं। हरियाणा के रेवाड़ी में लालू ने कहा कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने के लिए नीतीश दिल्ली में रैली करके अपनी साख बचाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन यह ढोंग है। उन्होंने कहा कि वह खुद बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का मुद्दा राष्ट्रीय विकास परिषद की बैठक में उठा चुके हैं।

error: Content is protected !!