नई दिल्ली। साउथ कैंपस इलाके में महिला से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। महिला के ऊपर भटकती आत्मा का साया बताकर तांत्रिक ने उसके साथ उसी के घर में दुष्कर्म किया। मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी तांत्रिक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय महिला अपने पति के साथ साउथ कैंपस इलाके में रहती है। घर में पति, सास और दो छोटी बेटियां हैं। मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले पति-पत्नी के बीच आए दिन क्लेश होता रहता था। दोनों के बीच अनबन को देखते हुए एक जानकार ने महिला के पति को पड़ोस में रहने वाले तांत्रिक हीरालाल के बारे में बताया। सोमवार की शाम हीरालाल से मिलने महिला का पति पहुंच गया। तांत्रिक ने उसकी पत्नी के ऊपर भटकती आत्मा का साया बताते हुए झाड़फूंक के जरिए भूत भगाने की बात कही। तांत्रिक ने भूत भगाने का खर्चा 1260 रुपये बताया। महिला का पति उसके झांसे में आ गया और थोड़ी ही देर बाद रुपये लेकर फिर पहुंच गया।
सोमवार देर रात तांत्रिक हीरा लाल महिला के घर पहुंच गया। महिला को छोड़कर उसने पूरे परिवार को एक कमरे में यह कहकर बंद कर दिया कि झाड़फूंक को कोई देखने की कोशिश न करे। बाहर से उसने कुंडी लगा दी। तांत्रिक उस महिला को अंधेरे कमरे में ले गया और छोटा कुंड बनाकर उसमें आग जलाई। आग में जैसे ही सामग्री डाली, महिला बेहोश हो गई। काफी देर हो जाने के बाद महिला के पति को शक हुआ। उसने दरवाजे के छोटे से सुराख से देखा तो तांत्रिक उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म कर रहा था। शोर मचाते हुए महिला के पति ने दरवाजे को मशक्कत के बाद खोल तो लिया मगर तब तक तांत्रिक हीरा लाल वहां से फरार हो गया। महिला जमीन पर बेहोश पड़ी थी। तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने फरार तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया।