जयपुर। राजस्थान में गुरुवार से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वसुंधरा राजे की सुराज संकल्प यात्रा का शुभारंभ हो गया। पूर्व मुख्यमंत्री की यात्रा सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों से निकलेगी और 21 जुलाई को जयपुर में समाप्त होगी। इस दौरान करीब 200 आम सभाएं और कई स्थानों पर स्वागत समारोह होंगे। भाजपा के केंद्रीय नेता भी यात्रा में अलग-अलग अवसरों पर शामिल होंगे।
यात्रा के उद्घाटन अवसर पर प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चारभुजा मंदिर पर आयोजित सभा में पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने केंद्र सरकार को नेतृत्व विहीन बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सोनिया और मनमोहन के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात कर रही है, जबकि दो नावों पर सवार होने का परिणाम सभी जानते हैं। उन्होंने कहा कि मनमोहन सरकार को देश पर कलंक माना जाना चाहिए। जिस तरह राम ने रावण को, कृष्ण ने कंस और ओबामा ने ओसामा को मारा, उसी तरह भ्रष्टाचार कांग्रेस को मारेगा। राजनाथ ने प्रदेश के नेताओं को गुटबंदी से बचने की नसीहत देते हुए विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भाजपा को विजयी बनाने की अपील की। इस दौरान वसुंधरा राजे की सभा में उत्साही कार्यकर्ताओं ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में जमकर नारे लगाए।
जैसा देश वैसा भेष
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वसुंधरा राजे अपनी सुराज संकल्प यात्रा में कुछ ऐसे ही अंदाज में नजर आएंगी। पहले चरण में 16 अप्रैल तक यात्रा उदयपुर संभाग में रहेगी। इस दौरान राजे आदिवासियों के बीच जाएंगी तो आदिवासी महिलाओं जैसे कपड़े पहनेंगी। अन्य अंचलों में भी वे क्षेत्र के हिसाब से परिधान पहनेगी।