जैसलमेर। सीमावर्ती जैसलमेर जिले की सरहद पर पाकिस्तान का एक जासूसी बाज मृत अवस्था में मिला है। शनिवार सुबह बीओपी बबलियानवाला की पेट्रोलिंग पार्टी को सरहद के 75 मीटर के भीतर एक मृत बाज मिला, जिसकी हड्डियां व पंख बिखरे हुए थे। मृत बाज से बंधी धातु की रिंग को देखकर जब सीसुब के जवान मौके पर पहुंचे तो उसके जासूसी बाज होने की पुष्टि हुई।
बाज के पास 10 इंच लंबे एंटीना वाला ट्रांसमीटर भी मिला है। इस संबंध मे सीसुब के अधिकारियों को सूचना दी गई। मृतक बाज के पास से मिले एंटीना वाले ट्रांसमीटर पर सीएच-434 अंकित किया हुआ है। गौरतलब है कि पाकिस्तानी शिकारियों की ओर से ऐसे जासूसी बाज का मुख्य रूप से जासूसी करने के लिए उपयोग मे लिया जाता है।