न्यूयार्क। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को बैंक ऑफ अमेरिका (बीओए) ने वर्ष 2012 के लिए 2,40,000 डॉलर (करीब 1.3 करोड़ रुपये) का भत्ता दिया है। अंबानी बैंक के निदेशक मंडल में शामिल हैं। वह अगले माह इस पद को छोड़ रहे हैं।
इससे पहले वर्ष 2011 में स्वतंत्र निदेशक के तौर पर अंबानी को बैंक ने 2,76,816 डॉलर का भत्ता दिया था। वह मार्च 2011 में इस पद पर नियुक्त किए गए थे। मुकेश अगले महीने आठ मई को होने वाली बैंक के शेयरधारकों की सालाना आम बैठक में यह पद छोड़ेंगे। अमेरिकी बैंकिंग दिग्गज ने पिछले माह अंबानी के यह पद छोड़ने की घोषणा की थी। उन्हें बैंक की एक सलाहकार परिषद में शामिल किया जाएगा।
बीओए ने शेयरधारकों को भेजे गए सर्कुलर में अंबानी को भुगतान किए गए भत्तों की जानकारी दी है। बैंक ने कहा कि अंबानी के अलावा निदेशक मंडल के अन्य पांच सदस्य दोबारा नियुक्ति की मांग नहीं करेंगे। उनकी जगह नए सदस्यों की नियुक्ति की जाएगी।