न्यूयॉर्क। अपनी गंगनम स्टाइल के लिए दुनियाभर में मशहूर दक्षिण कोरियाई रैपर पीएसवाई को अपने नए वीडियो ‘ जेंटलमैन’ में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हुए दिखाना भारी पड़ा। उनके अपने ही देश दक्षिण कोरिया ने इस वीडियो पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण कोरिया के नियामक कोरियन ब्राडकास्ट सिस्टम [केबीएस] ने इस नए वीडियो को प्रतिबंधित कर दिया है। वीडियो में सड़क पर चलते हुए पीएसवाई ट्रैफिक नियमों को तोड़ते व सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाते दिख रहे हैं। इसके अलावा वह महिलाओं के साथ बहुत ही भद्दे मजाक भी कर रहे हैं। केबीएस ने कहा कि जेंटलमैन सार्वजनिक प्रसारणकर्ता के मानकों पर खरा नहीं उतरता। इससे पहले भी इन्हीं वजहों से अन्य वीडियो पर भी प्रतिबंध लगाया जा चुका है। पीएसवाई के मैनेजर ने वीडियो पर प्रतिबंध लगने की बात को स्वीकार किया है, लेकिन इसमें किसी तरह का बदलाव करने से स्पष्ट इन्कार कर दिया है।
जेंटलमैन के यूट्यूब पर जारी होने के 24 घंटे बाद ही करीब 1.9 करोड़ लोगों ने इसे देखा, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है। रिलीज के पहले पांच दिन में 14 करोड़ से अधिक लोगों ने इसे देखा। पीएसवाई ने गंगनम स्टाइल के बाद दूसरी बार सफलता दोहराई है।