‘मुकेश अंबानी को ‘जेड’ सुरक्षा और महिलाओं से रेप’

mukesh ambani with kejriwaliनई दिल्ली। मुकेश अंबानी को जेड श्रेणी की सुरक्षा दिए जाने को लेकर यूपीए सरकार की एक बार फिर किरकिरी होती दिख रही है। ऐसे वक्त पर जब दिल्ली रेप और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लोगों में सरकार के खिलाफ गुस्सा है, अंबानी को जेड सुरक्षा दिए जाने के फैसले ने आग में घी डालने का काम किया है।

आम जनता सरकार के इस फैसले के खिलाफ ट्विटर पर अपना गुस्सा जाहिर किया है। वहीं आप पार्टी प्रमुख और सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल ने भी सरकार पर निशाना साधा है। केजरीवाल ने ट्वीट किया है कि इस मसले पर विपक्षी पार्टी चुप क्यूं बैठी है। जब आम आदमी को सुरक्षा देने की बात आती है तब सरकार कन्नी काट जाती है और अब चुनाव से पहले उद्योगपतियों को रिझाने में जुट गई है। उन्होंने लिखा कि मुकेश अंबानी इतने सक्षम हैं कि वे अपनी सुरक्षा के लिए खुद पुलिस बल तैनात कर सकते हैं। उन्होंने मीडिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा है कि अभी तक किसी ने इस बारे में कुछ नहीं दिखाया।

सिर्फ अरविंद केजरीवाल ने ही नहीं बल्कि आम लोगों ने भी सरकार के इस फैसले की खिल्ली उड़ाई है। जहां दिल्ली महिलाओं की सुरक्षा के नाम पर जीरो हो गई है वहां सरकार आम आदमी के बारे में न सोचकर देश के उद्योगपतियों की सुरक्षा में लगी है।

-दृष्टि ने लिखा है कि मुकेश अंबानी को जेड सुरक्षा और महिलाओं की सुरक्षा के लिए कोई व्यवस्था नहीं। वाह री सरकार। ग्रेट आइडिया

-राजीव लिखते हैं कि अभी तो सिर्फ मुकेश जी को सुरक्षा मिली है उनके बेटे आकाश को तो एक्सएक्सएक्स सुरक्षा मुहैया कराना बाकी है।

-दीप्ति लिखती हैं हां भई मुकेश जी सरकार जो चलाते हैं। आम आदमी क्या करते हैं रोज बस अपने हक के लिए सड़कों पर उतर आते हैं और परेशानियां बढ़ाते हैं।

-अनामिका लिखती हैं मुकेश अंबानी को जेड श्रेणी की सुरक्षा और आम आदमी को सी श्रेणी की भी नहीं।

-दीपक लिखते हैं अब देश के जवानों का यही काम रह गया है कि वे देश के रईसों की सुरक्षा में तैनात रहें।

-अवदेश लिखते हैं कि मुकेश की सुरक्षा पर खर्च होने वाली राशि सरकार नहीं बल्कि हर वो इन्सान जो गांव में रहता है, हर वो किसान जो खेती करता है वो ही चुका रहा है।

-जीवेश लिखते हैं कि सरकार मुकेश अंबानी को रिझाने में जुट गई है क्योंकि चुनाव नजदीक आ रहे हैं और अंबानी मोदी के समर्थन में खड़े हैं।

गौरतलब है कि सीआरपीएफ के जवान अब उद्योगपति मुकेश अंबानी की सुरक्षा करेंगे। आतंकी गुट इंडियन मुजाहिदीन की धमकियों के मद्देनजर गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने अंबानी को जेड श्रेणी की सुरक्षा देने का फैसला किया है। शिंदे की हरी झंडी के बाद गृह मंत्रालय ने सीआरपीएफ को तत्काल प्रभाव से अंबानी की सुरक्षा संभालने का आदेश दिया है। इसके बाद सीआरपीएफ ने उत्तर प्रदेश की बटालियन से 36 जवान बुलाए हैं।

error: Content is protected !!