अजमेर। अजमेर उत्तर विधायक प्रो. वासुदेव देवनानी ने नगर निगम की सी.ई.ओ. विनीता श्रीवास्तव व महापौर कमल बाकोलिया को पत्र लिखकर आज आयोजित नगर निगम की विशेष साधारण सभा में आनासागर व पालबीसला क्षेत्र में नो कन्स्ट्रक्शन जोन की सीमाऐं निर्धारित किये जाने के सम्बंध में रखे जाने वाले प्रस्ताव को निरस्त करने की मांग की।
देवनानी ने अपने पत्र में उनके पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के क्रम में अजमेर से बाहर होने के कारण साधारण सभा में उपस्थित नहीं हो सकने का उल्लेख करते हुए इस प्रस्ताव पर आपत्ति दर्ज करायी कि नगर सुधार न्यास तथा नगर निगम द्वारा जो सर्वे कराया गया है वह किन बिन्दुओं व मापदण्डों को आधार मानते हुए कराया गया तथा सर्वे रिपोर्ट भी सार्वजनिक नहीं की गयी साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं है कि माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों की किस प्रकार पालना की गयी है।
उन्होंने प्रस्ताव में व्यवहारिक व तकनीकी बिन्दुओं के आधार पर नो कन्स्ट्रक्शन जोन की सीमाऐं निर्धारित किये जाने की बात पर भी अंगुलि उठाते हुए लिखा कि इससे यह संदेह उत्पन्न होता है कि इन बिन्दुओं की आड़ में आमजन के हितों पर कुठाराघात करते हुए पक्षपातपूर्ण नीति अपनाते हुए सीमाओं का निर्धारण किया गया है।
देवनानी ने इस प्रस्ताव को तत्काल निरस्त करते हुए दोनों झीलों के ‘नो कन्स्ट्रक्शन जोन‘ की सीमाओं के निर्धारण हेतु पुनः सर्वे कराये जाने की मांग की जिसमें आमजन के हितों का भी ध्यान रखा जाऐ तथा सभी के साथ समानता एवं व्यवहारिक बिन्दुओं को दृष्टिगत रखते हुए ‘‘नो कन्स्ट्रक्शन जोन‘‘ की सीमाऐं निर्धारित की जाऐ।