अजमेर। अजमेर उत्तर विधायक प्रो. वासुदेव देवनानी ने कांग्रेस पर सफाई कर्मचारियों को बांटे गये अनुभव प्रमाण पत्रों की आड़ में खुलेआम वोट खरीदने का आरोप लगाया है। देवनानी ने कहा कि नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया में आवेदकों के लिए दो वर्ष का सफाई कार्य का अनुभव प्रमाण अनिवार्य होने का राजनीतिक लाभ उठाने की मंशा से अजमेर नगर निगम में सफाई कार्य की ठेकेदारी करने वाले शहर कांग्रेस के उपाध्यक्ष कुलदीप कपूर ने कांग्रेस कार्यालय में बैठकर अनुभव प्रमाण पत्र बांटे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की विफलता को छिपाने के उद्धेश्य से विधान सभा चुनावों से ठीक पहले की जा रही भर्ती प्रक्रियाओं में कांग्रेसी नेताओं द्वारा ऐसे हथकण्डे अपनाना निंदनीय है।
देवनानी ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के कुशासन के कारण आज प्रदेश का आमजन त्रस्त है तथा प्रदेश में बदलाव की लहर स्पष्ट नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि इस हताशा के कारण कांग्रेसी नेता सरकारी योजनाओं की आड़ में खुलेआम वोट खरीदने के प्रयास में लगे है।