अजमेर। जिला कलकटर श्री वैभव गालरिया ने कहा कि अधिकाधिक निर्माण श्रमिकों का पंजीयन किया जाना चाहिए। पंजीयन कार्य की सूचना नियमित रूप से श्रम विभाग के जिला कार्यालय को निर्धारित प्रारूप में भिजवाई जानी चाहिए। जिससे पंजीकृत श्रमिक सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सके। श्री गालरिया आज प्रात: जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित संनिर्माण श्रमिकों के पंजीयन संबंधी बैठक में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्थानीय निकाय संस्थानों के अधिकारियों को भी निर्माण श्रमिकों के पंजीयन कार्य से जोडऩे हेतु प्रस्ताव राज्य सरकार को भिजवाने हेतु निर्देशित किया।
संभागीय श्रम आयुक्त श्री एल.एन. जोशी ने भवन एवं अन्य संनिर्माण अधिनियम 1996 के प्रावधानों एवं मंडल की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। संभागीय संयुक्त श्रम आयुक्त श्री सी.एल. मीना ने एक माह तक विशेष अभियान चलाकर निर्माण श्रमिकों का अधिकाधिक पंजीयन करने एवं मंडल की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए श्रमिकों को प्रेरित करने की बात कहीं।
बैठक में विभाग के निरीक्षकों द्वारा निर्माण श्रमिकों का हिताधिकारियों के रूप में पंजीयन किए जाने, परिचय पत्र जारी किए जाने एवं रिकार्ड संधारण के संदर्भ में उपस्थित अधिकारियों की शंकाओं का निराकरण किया गया। इस अवसर पर जिले के विकास अधिकारी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, जल संसाधन विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारीगण एवं उपखण्ड स्तरीय सहायक अभियन्ता उपस्थित थे।