दमिश्क। विशेषज्ञों ने सीरिया के रासायनिक हथियारों को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव के तहत दमिश्क को इन हथियारों को खत्म करना है।
संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव के तहत विशेषज्ञों की टीम को 2014 के मध्य तक सीरिया के दर्जनों स्थानों पर करीब एक हजार टन सरीन गैस और अन्य प्रतिबंधित हथियारों को नष्ट करना है। इस बीच सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल असद ने जर्मनी की पत्रिका स्पीगेल को दिए साक्षात्कार में स्वीकार किया कि देश में चल रहे गृह युद्ध के दौरान उनकी सरकार ने गलतियां की हैं। लेकिन उन्होंने एक बार फिर इस बात से इन्कार किया कि उनके सैनिकों ने 21 अगस्त को रासायनिक हथियार का प्रयोग किया था। इस घटना के बाद ही संयुक्त राष्ट्र ने सीरिया के रासायनिक हथियारों को नष्ट करने संबंधी प्रस्ताव स्वीकार किया था। हथियार नष्ट करने वाले संयुक्त राष्ट्र और हेग स्थित ऑर्गनाइजेशन फॉर द प्रोहिबिशन ऑफ केमिकल वीपंस (ओपीसीडब्ल्यू) के विशेषज्ञ मंगलवार को ही सीरिया पहुंच चुके हैं।
इस टीम ने सीरिया के विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस संयुक्त मिशन से जुड़े एक अधिकारी ने बताया, ‘टीम के सदस्य एक स्थल पर जाकर हथियारों को नष्ट कर रहे हैं। रविवार को हथियारों को नष्ट करने का पहला दिन था।’ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने विशेषज्ञों को अपना काम पूरा करने के लिए करीब नौ महीने का समय दिया है। एक सप्ताह में कुछ और विशेषज्ञ सीरिया पहुंच जाएंगे।