
अजमेर। केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री प्रो. सांवर लाल जाट का केन्द्र में मंत्री बनने के पश्चात आज पहली बार अपने निर्वाचन क्षेत्र अजमेर में आने पर जोरदार स्वागत और अभिनन्दन किया गया। इस संसदीय क्षेत्र के नागरिकों ने पलक पावडे बिछाकर उन्हें फुलमालाओं से लाद दिया। अजमेर शहर में प्रवेश करने पर राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिता भदेल ने घूघरा घाटी पर प्रो. जाट की आगवानी की और उन्हें गुलदस्ता देकर स्वागत किया। इनके साथ पूर्व सांसद श्री रासा सिंह रावत, नगर निगम के पूर्व सभापति श्री सुरेन्द्र सिंह, पूर्व उप सभापति श्री सोमरत्न आर्य, निगम के उप सभापति श्री अजीत सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी अजमेर शहर के इस प्रवेशद्वार पर इनका जोरदार अभिनन्दन किया। यहां से सर्किट हाउस के मार्ग पर स्थान-स्थान पर तोरणद्वार बनाकर विभिन्न संस्थाओं व नागरिकों ने स्वागत अभिनन्दन किया। जिला न्यायालय भवन के सामने अभिभाषकों की ओर से भी इनका अभिनन्दन किया गया। केन्द्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री के सर्किट हाउस पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ आर्नर दिया गया। इसके पश्चात यहां पर ब्यावर के विधायक श्री शंकर सिंह रावत, जिला प्रमुख श्रीमती सीमा माहेश्वरी सहित सैकड़ों की तादाद में मौजूद नागरिकों ने उनका माला पहनाकर अभिनन्दन किया।
केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री का आज प्रात: लगभग 9 बजे अजमेर संसदीय क्षेत्र के प्रारम्भिक क्षेत्र दूदू में सड़क पर मौजूद नागरिकों ने उनका अभिनन्दन किया। इसके पश्चात अजमेर जिले की सीमा में पहुंचते ही किशनगढ़ के विधायक श्री भागीरथ चौधरी, पुष्कर के विधायक श्री सुरेश सिंह रावत सहित नागरिकों व जनप्रतिनिधियों ने उनकी अजमेर जिले में अगुवानी की और जोरदार स्वागत किया। यहां से किशनगढ़, सुससुरा व रूपनगढ़ तक के मार्ग तक भी सड़कों के दोनों और खड़े ग्रामीणों ने जगह-जगह रोककर प्रो. जाट का स्वागत किया। इनके साथ प्रो. भगवती प्रसाद सारस्वत भी थे। किशनगढ़ से अजमेर के मार्ग पर भी स्वागतद्वार बनाकर स्वागत व अभिनन्दन किया गया। प्रो. जाट के साथ श्री बालचंद शर्मा, श्री पटेल सहित नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता मौजूद थे।