अजमेर। अजमेर को स्मार्ट सिटी बनाने की योजना को लेकर अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों ने संभागीय आयुक्त डॉ. धर्मेन्द्र भटनागर से मुलाकात की। डॉ. भटनागर ने उन्हें अजमेर में तैयार की जा रही योजना एवं शहर के महत्व के बारे में जानकारी दी। दूतावास के प्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि इस कार्य में पूरा सहयोग किया जाएगा।
अमेरिकी दूतावास के प्रतिनिधि एवं काउन्सलर फॉर कॉमर्शियल ऑफिसर डिलन बनर्जी ने शुक्रवार को संभागीय आयुक्त डॉ. धर्मेन्द्र भटनागर से मुलाकात की। इस अवसर पर स्मार्ट सिटी योजना से जुड़े विभिन्न अधिकारी भी उपस्थित थे।
संभागीय आयुक्त डॉ. भटनागर ने अमेरिकी दूतावास के प्रतिनिधियों को जानकारी दी कि अजमेर ऐतिहासिक, धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक दृष्टिकोण से समृद्घ शहर है। केन्द्र सरकार द्वारा अजमेर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए चयनित किया गया है। यह शहर हर दृष्टि से स्मार्ट सिटी बनने की योग्यता रखता है।
उन्होंने बताया कि अजमेर को स्मार्ट सिटी बनाएं जाने के लिए शहर के यातायात, पर्यटन एवं विकास के कार्याें में तेजी लाई जा रही है। पिछले कई दिनों से विभिन्न समूहों के साथ अजमेर में स्मार्ट सिटी बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है।
डॉ. भटनागर ने जानकारी दी कि स्मार्ट सिटी के लिए विभिन्न पहलुओं पर काम किया जा रहा है। सड़क, बिजली, पानी, सुरक्षा एवं आई.टी. के विकास के लिए योजना तैयार की जा रही है। अजमेर स्मार्ट सिटी के दृष्टिकोण से उपर्युक्त शहर है। शहर के विभिन्न संगठन और सरकारी मशीनरी आपसी सामंजस्य से कार्य कर रही है।
अमेरिकी दूतावास के प्रतिनिधि स्मार्ट सिटी के लिए तैयार की जा रही कार्ययोजना से काफी प्रभावित हुए। उन्होंने कार्ययोजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि हम इस कार्य में पूरा सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक श्री अमृत कलश, पुलिस अधीक्षक श्री महेन्द्र चौधरी, नगर निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सी.आर. मीना, अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त श्रीमती स्नेहलता पंवार, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) श्री हरफूल सिंह यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।