अजमेर, 18 मई। अजमेर विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक श्री हेमन्त कुमार गेरा ने विद्युत चोरी रोकथाम के लिए निगम के सतर्कता दलों को निर्देश दिए है कि वे बिजली चोरी रोकने के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा लोगांे में बिजली चोरी नहीं करने के लिए जागरूकता भी पैदा करें।
प्रबंध निदेशक सोमवार को डिस्काॅम मुख्यालय सभागार में आयोजित बिजली चोरी रोकथाम के लिए सतर्कता जांच कार्यो संबंधी समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बिजली चोरी रोकने के कार्य में आ रही विभिन्न कठिनाईयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि सतर्कता दल के सदस्य आपस में समन्वय रखते हुए अपने अपने क्षेत्रा में मोबाईल रहें तथा बिजली चोरी पकड़ें। बिजली चोरी के प्रकरण सामने आने पर उनके खिलाफ आवश्यक कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी बिजली चोरी की वीसीआर मौके पर ही बनाएं, यह जरूरी हैं। बकाया वीसीआर की राशि की शीघ्र वसूली एवं बिजली चोरी रोकने की प्रभावी माॅनिटरिंग की जाए। साथ ही ईयूआरडी के प्रकरणों में यदि आवश्यकता हो तो पुलिस दल की मदद ली जाएं।
प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिए कि सतर्कता दलों द्वारा बिजली चोरी के जो मामले पकड़े जाए उनका समाचार पत्रों के माध्यम से व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी रोकने के लिए लोगों में जागरूकता पैदा करें साथ ही बिजली चोरी पकड़ने के निर्धारित मापदण्ड़ो के अनुसार गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही करें।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राममूर्ति जोशी, मुख्य अभियंता (वाणिज्य) श्री बी. एम. भामू, मुख्य लेखाधिकारी (एटीबी) श्री एस. एम. माथुर, उप पुलिस अधीक्षक श्री सुरेन्द्र भाटी, अधीक्षण अभियंता (सतर्कता) श्री जे.एस. मांजू ने भी सतर्कता जांच कार्य के संबंध में विभिन्न अनुभवों को बताया तथा जांच कार्य को प्रभावी बनाने के सुझाव भी दिए।
इस मौके पर डिस्काॅम क्षेत्र के समस्त सर्किलों के सतर्कता अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।