संगीत के बीच कागज पर उकेरी कल्पना

लायनेस क्लब ने उपकारागृह में मनाया बसंत पंचमी उत्सव
0305ब्यावर, 12 फरवरी। लायनेस क्लब ने शुक्रवार को उपकारागृह में विचाराधीन बंदियों के साथ बसंत पंचमी उत्सव हर्षोल्लास से मनाया। क्लब अध्यक्ष रीमा नवाल व जेल प्रभारी प्रहलाद सिंह ने मां सरस्वती का पूजन कर कार्यक्रम की शुरूआत की। इसके बाद बंदियों ने भजनों की प्रस्तुति दी। बंदी रामपाल, सत्यनारायण, राकेश, देवा, सांवरलाल ने वाद्य यंत्रों पर संगीत की स्वर लहरियां बिखेरी। महाराज गजानन आओ नीं.., आज म्हारा कानूड़ा ने.., सेठां में सांवरो सेठ… जैसे भजनों पर बंदी झूम उठे। बंदियों ने स्वरचित ‘त्रिलोकी का नाथ थारी कांई खरी खोटी, छोटी सी उमर में लिख दी जेल की रोटी..’ गीत सुनाया तो सभी अतिथि भावुक हो गए। रीमा नवाल ने इतनी शक्ति हमें देना दाता… गीत गाकर बंदियों को संबल दिया। नवाल ने जेल प्रभारी को बंदियों के लिए चार बड़ी दरियां भेंट की। कोषाध्यक्ष अंजलि शर्मा ने बंदियों को रिहाई के बाद नेक कार्य करने की सीख दी। साथ ही उनके साथ अपराधों और जेल के रहन-सहन से जुड़े अनुभव भी जाने। बंदियों ने कहा कि जेल में पहली बार पारिवारिक माहौल बना। माताओं-बहनों का स्नेह व अपनापन पाकर मन प्रफुल्लित हुआ है। रचनात्मक कार्य होने से उन्हें अपनी गलतियों का अहसास होता है। बंदियों ने संकल्प लिया कि रिहाई के पश्चात् अपराधों से दूर रहेंगे। सचिव सुमिता बाबेल ने बताया कि बसंत पंचमी के मौके पर जेल में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। संगीत के बीच बंदियों पर कागज पर अपनी कल्पनाओं को उकेरा। रंगीन चित्रों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, कन्या भ्रूण हत्या रोकथाम, आदर्श गांव, अपराध नियंत्रण व नशा मुक्ति जैसे विषयों पर उत्कृष्ट चित्र बनाए। प्रतियोगिता में चित्तौडग़ढ़ निवासी नरेंद्र चौधरी व ब्यावर निवासी राजू मूर्तिकार प्रथम, जोधपुर निवासी पुखराज विश्नोई द्वितीय, जालिया प्रथम निवासी जसवंत सिंह तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुमित सारस्वत ने किया। कार्यक्रम में ममता गुप्ता, शिखा बंसल, भावना पारीक, इंदु व्यास, मंजू काबरा, संध्या प्रजापति, सावित्री यादव, मंजू भूतड़ा, अर्चना लोहिया, रश्मि बाबेल, ममता जैन, अतुल नवाल, मनीष शर्मा, विनोद व्यास, अजय गुप्ता, प्रबोध बंसल सहित कई सदस्य व बच्चे शामिल हुए।

error: Content is protected !!