चिकनी चमेली, बंदूक और जेल

फिल्मों के किसी विलेन की तरह हाथ में बंदूक और चिकनी चमेली गाने की डिमांड। मुंबई में सोमवार देर रात नशे में धुत चार लड़कों ने अपने पसंदीदा आइटम सॉन्ग को चलाने के लिए एक बार और उसके स्टाफ को कुछ इसी अंदाज में धमकाने की कोशिश की। कमाल की बात तो यह कि जिस बंदूक से ये लड़के बार स्टाफ को डराने की कोशिश कर रहे थे, वो नकली थी। हालांकि, बार मालिक के इसकी सूचना पुलिस को देने के बाद इन चारों को गिरफ्तार कर लिया गया।

जोगेश्वरी स्थित विलास बार में सोमवार रात करीब साढे़ बारह बजे शराब के नशे में धुत चार लड़के घुस आए। उन्होंने वहां पर अपने पसंदीदा आइटम सॉन्ग चिकनी चमेली को चलाने की मांग की। बार स्टाफ द्वारा मांग ठुकराने पर उनमें से एक ने अपनी जेब से बंदूक निकालकर स्टाफ को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। वहीं दूसरे लड़के ने एक गजल की फरमाइश करनी शुरू कर दी।

नशे में धुत लड़कों की जबरदस्ती देख बार मालिक ने इसकी सूचना पुलिस को दी जिसके बाद चारों लड़कों को गिरफ्तार कर लिया गया। इन लड़कों की पहचान रविंद्र महाले, विवेक जाधव, रुपेश पवार, रवि राउल के रूप में हुई है।

वरिष्ठ इंसपेक्टर वी हटकर ने बताया कि नशे में धुत चारों लड़कों ने बार स्टाफ को बंदूक का डर दिखाकर आइटम सॉन्ग चलाने और डांस करने की मांग की। उन्होंने वहां मौजूद स्टाफ को ऐसा न करने पर जान से मारने की भी धमकी दी। इंसपेक्टर ने बताया कि लड़कों ने वहां मौजूद स्टाफ से बदसलूकी की और अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया। पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। चारों को मैट्रोपॉलिटिन मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया जहां उन्हें जमानत दे दी गई।

error: Content is protected !!