शिवरात्रि पर्व पर समस्त व्यवस्थाएं बनाने के निर्देश

अजमेर, 12 फरवरी। जिला मजिस्ट्रेट श्री गौरव गोयल ने एक आदेश जारी कर आगामी 13 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व पर कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए समस्त उप जिला मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदारों को निर्देश दिए है।

उन्होंने बताया कि शिवरात्रि पर्व पर अनेक स्थानों पर रात्रि जागरण भी किया जाता है। ऎसे में सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सतत् निगरानी रखते हुए कानून, शान्ति, सुरक्षा एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।

जिला मजिस्ट्रेट ने नगर निगम आयुक्त को भी महाशिवरात्रि पर्व पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने बताया कि झरनेश्वर महादेव मन्दिर की ओर जाने वाले मार्ग नला बाजार, दरगाह बाजार, अन्दर कोट आदि क्षेत्रों में समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें। इस मार्ग पर स्थित मीट आदि की दुकाने खुली रहने की स्थिति में मीट को ढ़ककर रखने की कार्यवाही सुनिश्चत करें। शहर के मुख्य महत्वपूर्ण शिव मन्दिरों के आसपास के क्षेत्र में सफाई व्यवस्था व डीडीटी पाउडर का छिड़काव करें। साथ ही मन्दिरों के आसपास आवारा पशुओं/सुअरों की रोकथाम सुनिश्चित करें।

कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त
जिला मजिस्ट्रेट ने महाश्विरात्रि पर अजमेर शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति की है। उप जिला मजिस्ट्रेट श्री अंकित कुमार सिंह को अन्दर कोट एवं आसपास के क्षेत्र के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। जबकि तहसीलदार श्री अनुराग हरित को झरनेश्वर महादेव मन्दिर एवं आसपास के क्षेत्र के लिए तथा एडीए के तहसीलदार श्री राम सिंह को जिला एवं सत्र न्यायालय अजमेर के सम्पूर्ण क्षेत्र के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।

शहर में कानून व्यवस्था के प्रभारी अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट शहर श्री अरविंद सेंगवा होंगे। जबकि सम्पूर्ण जिले के प्रभारी अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट प्रथम श्री कैलाश चंद शर्मा होंगे।

error: Content is protected !!