राम जैसवाल को मिलेगा विशिष्ट साहित्यकार सम्मान

राजस्थान साहित्य अकादमी द्वारा किया जाएगा सम्मानित
अजमेर/राजस्थान साहित्य अकादमी द्वारा अजमेर निवासी लब्ध प्रतिष्ठित कवि और कथाकार राम जैसवाल को वर्ष 2017-18 के लिए प्रतिष्ठित ‘विशिष्ट साहित्यकार सम्मान‘ से सम्मानित किया जाएगा। अकादमी सदस्य उमेश कुमार चौरसिया ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सम्मान राजस्थान के ऐसे साहित्यकारों को दिया जाता है जिन्होंने निरन्तर दस वर्षोें तक अपने रचनात्मक योगदान से साहित्य को विस्तृत एवं विविध आयाम प्रदान किये हों। अकादमी के वार्षिक समारोह में इन्हें 51000 रूपये नगद राशि सहित प्रशस्ती पत्र से नवाजा जाएगा। अकादमी अध्यक्ष डॉ इन्दुशेखर तत्पुरूष की अध्यक्षता में सरस्वती सभा की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार इस वर्ष यह सम्मान जैसवाल सहित डॉ देव कोठारी, देवर्षि कलानाथ शास्त्री, डॉ भगवती लाल व्यास और पं. नरेन्द्र मिश्र को भी दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि राम जैसवाल कवि-कथाकार होने के साथ देश-विदेश में विख्यात दक्ष चित्रकार भी हैं। 1956 से लगातार साहित्य सृजन के क्षेत्र में सक्रिय जैसवाल के अब तक पाँच कथा संग्रह ‘असुरक्षित‘, ‘उग्रह‘, ‘विषजल‘, ‘समयदंश‘ और ‘अविराम‘ तथा एक कविता संग्रह ‘बिम्ब प्रतिबिम्ब‘ प्रकाशित हुए हैं। उग्रह और बिम्ब प्रतिबिम्ब राजस्थान साहित्य अकादमी द्वारा ही प्रकाशित किये गए हैं। साप्ताहिक हिन्दुस्तान, कादम्बिनी, धर्मयुग, गगनांचल, आजकल, समकालीन भारतीय साहित्य, मधुमती, अक्षरा और तटस्थ जैसी सभी प्रमुख पत्र-पत्रिकाओं में निरन्तर लिखते रहे जैसवाल उन समर्थ साहित्यकारों में से हैं जो हिन्दी साहित्य की विविध विधाओं में समान कौशल और अधिकार स लेखन कर रहे हैं। सामान्य जनजीवन की सहज, निश्चल संवेदनाओं और अनुभूतियों की अभिव्यक्ति करती इनकी रचनाओं में नारी के प्रति तथा राम के नायकों में प्रगाढ़ आत्मीयता दिखाई देती है।

उमेश कुमार चौरसिया
सदस्य राज. साहित्य अकादमी संपर्क-9829482601

error: Content is protected !!