आनासागर के सौन्दर्यीकरण के लिए अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण हटाने के निर्देश
अजमेर, 6 अप्रेल। जिले की प्रमुख झील आनासागर, किशनगढ़ की गुंदोलाव तथा केकड़ी की कनक सागर झीलों का सौन्दर्यीकरण एवं वहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाने के लिए विकास कार्यों को गति दी जाएगी। वहीं झील क्षेत्र में अवैध निर्माण एवं अतिक्रमणों को सख्ती से हटाया जाएगा।
यह निर्णय शुक्रवार को जिला कलक्टर श्री गौरव गोयल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय झील संरक्षण समिति की बैठक में लिया गया। जिला कलक्टर ने नगर निगम आयुक्त को निर्देशित किया कि वे आनासागर झील के चारो ओर अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण हटाए। वहीं आवासीय स्वीकृतियों के स्थान पर व्यावसायिक गतिविधियों को रोकने के लिए पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि झील में स्नान करना व कपड़े धोने पर रोक है। ऎसे में यदि कोई इस प्रकार का कृत्य करता है तो नगर निगम कार्यवाही करे।
जिला कलक्टर ने निर्देशित किया कि झील सीमा क्षेत्र में राजस्व मैप के अनुसार सर्वे कर मोटाम लगाए जाए। इस कार्य में गति लायी जाए। उन्होंने कहा कि झील को अधिसूचित घोषित कर दिया गया है। ऎसे में झील क्षेत्र में यदि कोई कार्य कराया जाता है तो झील प्राधिकरण की स्वीकृति अवश्य ली जाए।
बैठक में बताया गया कि आनासागर झील से मत्स्य का ठेका लगभग 1.30 करोड़ का होता है। जिला कलक्टर ने ठेके राशि मे से कुछ राशि प्राधिकरण को दिए जाने के संबंध में राज्य सरकार को लिखने के निर्देश दिए। उन्होंने सागर विहार के पास मिनी बर्ड सेंचूरी की प्रगति की भी स्मार्ट सिटी के अधिक्षण अभियंता से जानकारी प्राप्त की।
बैठक में बताया गया कि अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा झील क्षेत्र के कुछ खसरे छूटने के संबंध में लिखा गया है। जिस पर जिला कलक्टर ने नगर निगम आयुक्त को संबंधित खसरों का प्रशिक्षण एवं सर्वे कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में किशनगढ़ की गुंदोलाव झील को अधिसूचित करने के संबंध में सरकार को अनुशंसा भिजवायी गयी थी। जिसका पुन स्मरण कराने का निर्णय लिया गया। झील में फाउंटेन लगाने के भी निर्देश दिए गए। इसी प्रकार केकड़ी के कनक सागर को भी विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। इसके लिए सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता, उपखण्ड अधिकारी केकड़ी, नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी तथा एसटीपी का प्रतिनिधि मिलकर प्रस्ताव तैयार करेंगे।
बैठक में अजमेर के फॉयसागर तालाब, ब्यावर के बिचड़ली तालाब तथा खरवा के निकट फूल सागर तालाब को भी विकसित करने के प्रस्ताव तैयार करने के लिए नगर निगम को निर्देशित किया गया है।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री भगवत सिंह, नगर निगम के आयुक्त श्री हिमांशु गुप्ता, उप वन संरक्षक श्री अजय चितौड़ा, समस्त नगर पालिकाओं के अधिशाषी अधिकारी एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।
किंग एडवर्ड मेमोरियल एवं गेस्ट हाउस की साधारण सभा की बैठक सम्पन्न
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत होगा विकास
अजमेर, 6 अप्रेल। किंग एडवर्ड मेमोरियल एवं गेस्ट हाउस की साधारण सभा की बैठक शुक्रवार को जिला कलक्टर श्री गौरव गोयल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि किंग एडवर्ड मेमोरियल के लिए स्मार्ट सिटी से प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर इसमें अन्दर की और हाट बाजार तथा विभिन्न सुविधाओं के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए स्मार्ट सिटी की कंसलटेंट की सेवाएं लेकर प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। भवन का विस्तार नहीं किया जाकर सेवा निवृति के पश्चात भी संस्था के परिसर में स्थित क्वार्टर में रह रहे पूर्व अधिकारियों को मैनेजर द्वारा नोटिस देकर खाली करने हेतु लिखा जाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया की गेस्ट हाउस में अनुपयोगी सामान की निलामी कमेटी बनाकर नियमानुसार की जाए तथा संस्था की वित्तीय स्थिति सुदृढ़ करने के लिए प्रयास किए जाए। बैठक में रिक्त पड़े सदस्यों के पदो पर नियुक्ति करने के संबंध में भी विचार विमर्श किया गया।
बैठक में साधारण सभा के सचिव एवं उपखण्ड अधिकारी श्री अंकित कुमार सिंह, नगर निगम के आयुक्त श्री हिमांशु गुप्ता, कोषाधिकारी श्री राजकुमार मीना, सदस्य श्री महेन्द्र विक्रम सिंह, ऑरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स के प्रबंधक श्री प्रेम कुमार मोर्य सहित संबंधित अधिकारी एवं सदस्गण उपस्थित थे।
जल स्वावलम्बन अभियान के तृतीय चरण की समीक्षा बैठक सम्पन्न
अजमेर, 6 अप्रेल। जिला कलक्टर श्री गौरव गोयल ने विभिन्न विभागों के कार्यकारी एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए है की वे जल स्वावलम्बन अभियान के तृतीय चरण में स्वीकृत कार्यों को पूर्ण करने में गति लाए।
जिला कलक्टर शुक्रवार को जल स्वावलम्बन अभियान के तृतीय चरण की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि द्वितीय चरण के समस्त कार्य पूर्ण कर लिए गए है। उसी अनुरूप तृतीय चरण में कुल 3 हजार 902 कार्यों की वित्तीय स्वीकृतियां जारी की गई है। जिनमें कार्यकारी एजेंसी तत्परता बरतते हुए कार्यों को पूर्ण कराए। उन्होंने शहरी क्षेत्र के कार्य के लिए नगर पालिकाओं के अधिशाषी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र में शत प्रतिशत स्वीकृत कार्याें का थर्ड पार्टी निरीक्षण कराए।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अरूण गर्ग ने जल स्वावलम्बन अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने प्रत्येक विभाग से कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने बताया कि आगामी 10 अप्रेल को मुख्य सचिव कार्यों के संबंध में वीडियो कॉफ्रेसिंग करेंगे। जिसके लिए सभी अधिकारी पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित होवें।
इस मौके पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री भगवत सिंह, नगर निगम के आयुक्त श्री हिमांशु गुप्ता, उप वन संरक्षक श्री अजय चितौड़ा सहित समस्त विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।