शिक्षा राज्यमंत्री ने वार्ड 3 में ली बैठक

अजमेर, 23 अप्रैल। शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर में हुए विकास कार्यो से शहर की तस्वीर बदल रही है। चार साल में अजमेर का जो विकास हुआ, वह अपनी कहानी खुद कहता है। शहरों और गांवों में कराए गए विकास कार्यों तथा निष्ठावान कार्यकर्ताओं की वजह से हम फिर से सत्ता में लौटेंगे। कार्यकर्ता पूरी शक्ति से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं।
शिक्षा राज्यमंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने आज विधायक संवाद कार्यक्रम के तहत वार्ड संख्या 03 में आमजन, बूथ स्तरीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से चर्चा कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा क्षेत्र में कराए गए कार्यों की जानकारी भी दी। इस अवसर पर श्री देवनानी ने कहा कि कांग्रेसराज में शहर की सुध लेने वाला कोई नहीं था, हमने अजमेर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि आनासागर झील के चारों तरफ पाथ वे, सुभाष उद्यान का सौंदर्यीकरण, अजमेर के किले का जीर्णोद्धार, जयपुर रोड सौदर्यीकरण, हैरिटेज व प्रसाद योजना के तहत चल रहे काम, विभिन्न क्षेत्रों में बिछाई जा रही नई पाईप लाईन, मुख्य मार्गो पर की गई भूमिगत विद्युत लाईन, सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विकास, सरकारी अस्पतालों के नवीन भवनों का निर्माण और कई ऐसे उदाहरण हैं जो अजमेर में हो रहे विकास को दर्शाते है। भाजपा के चार साल के राज में अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 800 करोड़ रुपयों के काम हुए हैं। कार्यकर्ता यह उपलब्धियां घर-घर तक पहुंचाएं।
देवनानी ने आज वार्ड 3 में राधास्वामी काॅलोनी, नृसिंहपुरा माली मौहल्ला आदि क्षेत्र में क्षेत्रवासियों व भाजपा कार्यकर्ताओं से सम्पर्क व संवाद किया। उन्होंने क्षेत्र में रहने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं व क्षेत्रिय विकास समितियों के पदाधिकारियों से भी सम्पर्क कर क्षेत्र की समस्याओं व आवश्यकताओं के सम्बंध में चर्चा की तथा सम्बंधित अधिकारियों को समस्याओं के तत्काल निवारण के निर्देश दिये।
इस दौरान पार्षद ज्ञानचन्द्र सारस्वत, तुलसी सोनी, सीताराम शर्मा, अशोक सेन, हर्षसिंह चैहान, मिरचूमल, सोहनलाल यादव, श्वेता शर्मा, विक्रमसिंह भाटी, अरविन्द यादव, नारायण गुर्जर, सागर शर्मा, मोहन सत्यानी, रामकिशन गुप्ता, अशोक जैन आदि भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
नृसिंहपुरा माली मौहल्ला में 24.13 लाख से नई पाईप लाईन के
कार्य का शुभारम्भ
अजमेर, 23 अप्रैल। शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने आज अजमेर उत्तर विधान सभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 3 में 24.13 लाख की राशि से स्वीकृत नई पाईप लाईन को जोड़ने बिछाने के कार्य का शुभारम्भ किया।
देवनानी ने बताया कि नृसिंहपुरा माली मौहल्ला क्षेत्र में पुरानी व छोटी पाईप लाईन से क्षेत्रवासियों को पर्याप्त मात्रा व प्रेशर से पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। क्षेत्र में 1035 मीटर नई स्टील पाईप लाईन बिछाई जाएगी जिससे पेयजल वितरण व्यवस्था में निश्चित ही सुधार होगा व क्षेत्रवासियों को राहत मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि विधान सभा क्षेत्र की पेयजल वितरण व्यवस्था सुधार हेतु निरन्तर प्रयास किये जा रहे है। गत दिनों ही राज्य सरकार द्वारा 1 करोड़ 43 लाख की नई पाईप लाईन के कार्य विभिन्न स्थानों के लिए स्वीकृत किये है जिन्हें शीघ्र प्रारम्भ कराया जाएगा। देवनानी ने यह भी बताया कि उनके विधान सभा क्षेत्र में चार वर्ष में 117 करोड़ से अधिक की पेयजल योजनाओं के कार्य हुए। अजमेर उत्तर में स्थित ग्राम पंचायत हाथीखेड़ा, अजयसर व माकड़वाली के समस्त गांव बीसलपुर योजना से जुड़ गये है।

error: Content is protected !!