उप चुनाव आयुक्त ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए ली चुनावी तैयारियों की जानकारी

जयपुर /अजमेर, 12 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग के उप चुनाव आयुक्त डॉ. संदीप सक्सेना ने आगामी विधानसभा आम चुनाव-2018 की तैयारियों के संबंध में नई दिल्ली से वीडियो कान्फ्रेंस के जरिए प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री अश्विनी भगत और सभी जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी व निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए विस्तार से चर्चा की।
श्री सक्सेना ने गुरुवार वीडियो कान्फ्रेंस के दौरान सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को खास ‘इलेक्शन मैनेजमेंट प्लान‘ बनाकर काम करने की सलाह दी। उन्होंने मतदाता सूचियों में नए नामों को जोड़ने, बीएलओ (बूथ लेवल आफिसर) और बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की मिटिंग करवाने जैसी आम बातों से लेकर मतदान के दिन मतदान केंद्रों को वोटर फ्रैंडली बनाने, चुनाव के लिए पर्याप्त स्टाफ जुटाने, चुनाव व्यय निगरानी, वीवीपैट और ईवीएम रख-रखाव, संवदेनशील मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग करवाने, कार्मिकों को प्रशिक्षण, सर्विस प्रोवाइडरों से बातचीत करने जैसे कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और आयोग द्वारा इस बारे में जारी निर्देशों से भी उन्हें रूबरू करवाया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन करवाने का ज्यादा से ज्यादा प्रचार किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी जिम्मेदारियों के साथ अब जिला निर्वाचन अधिकारियों को चुनाव संबधी तैयारियां के भी जुट जाना चाहिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री अश्विनी भगत ने कहा कि प्रदेश के अधिकारी पिछले कई महिनों से चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश विभिन्न अभियानों के तहत पिछले एक वर्ष 40 लाख से ज्यादा नए मतदाता जोड़े गए हैं। ज्यादातर मतदाताओं के पहचान पत्र बनकर वितरण होने लगे हैं। प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारी संबंधित विभागों के संपर्क में हैं। कुछेक मतदान केंद्रों पर बिजली के कनेक्शनों को छोड़कर ज्यादातर केद्रों को वोटर फै्रंडली बनाया जा रहा है। ईवीएम, वीवीपैट के लिए वेयरहाउसेज देख लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 80 प्रतिशत से ज्यादा ईवीएम मशीनों की एफएलसी हो चुकी है। इसके अलावा उन्होंने प्रचार-प्रसार, संवदेनशील मतदान केंद्रों, प्रशिक्षण और कानून एवं व्यवस्था संबंधित कई विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
श्री भगत ने कहा कि प्रदेश भर में मतदाता सूचियों का प्रारुप प्रकाशन 31 जुलाई को व मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा और इसी के आधार पर चुनाव भी करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन से पूर्व ज्यादा से ज्यादा योग्य मतदाताओं को इसमें शामिल किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश में चुनाव संबंधी तैयारियों पर लगातार काम हो रहा है और प्रदेश में स्वतंत्र-निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके चुनाव सम्पन्न कराए जाएंगे।
इस दौरान आयोग के सूचना एवं तकनीक विभाग के निदेशक डॉ. वी.एन. शुक्ला ने ईआरओ नेट के नए संस्करण से भी सभी अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी इस पर लगातार काम करते रहेंगे तो चुनाव के दिनों में कम समय में अच्छे नतीजे मिल पाएंगे। इस दौरान सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निवार्चक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी और एनालिस्ट कम प्रोग्रामर्स मुख्यालयों पर उपस्थित रहे।
वीडियो कान्फ्रेंसिंग में अजमेर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर आरती डोगरा ने जिले में निर्वाचन की तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
वीडियो कान्फ्रेंसिंग में जयपुर में अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रेखा गुप्ता, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री विनोद पारीक, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी (आईटी) श्री एमएम तिवारी, श्री हरिशंकर गोयल, श्री सुभाष दानोदिया तथा अजमेर में संभागीय आयुक्त श्री हनुमान सहाय मीना, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्री के.के. शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम श्री कैलाश चन्द्र शर्मा सहित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

पटवार भर्ती की प्रतिक्षा सूची के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 19 जुलाई से
अजमेर, 12 जुलाई। सीधी भर्ती पटवार प्रतियोगी परीक्षा की प्रतिक्षा सूची के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 19 जुलाई से किया जाएगा।
राजस्व मण्डल के उप निबंधक श्री सुरेश सिंधी ने बताया कि सीधी भर्ती पटवार प्रतियोगी परीक्षा 2015 के लिए प्रतिक्षा सूची से वरियता के आधार पर श्रेणीवार रिक्त पदो के लिए अस्थायी रूप से चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 19 जुलाई से 24 जुलाई तक किया जाएगा। सत्यापन के लिए अभ्यर्थी को स्वयं राजस्व मण्डल कार्यालय में प्रातः 10.30 बजे से सायं 5 बजे तक आवश्यक दस्तावेजों के उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थियों के उपस्थित होने की दिनांक की सूचना मण्डल की वैबसाइट पर शुक्रवार 13 जुलाई से उपलब्ध रहेगी।

राजस्व अधिकारियों की बैठक शुक्रवार को
अजमेर, 12 जुलाई। जिला कलक्टर आरती डोगरा की अध्यक्षता में शुक्रवार 13 जुलाई को राजस्व अधिकारियों की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में प्रातः 11 बजे आयोजित की जाएगी। इस बैठक में जिले के समस्त उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार एवं जिला स्तरीय विभागीय अधिकारी भाग लेंगे।

आरएसएलडीसी की बैठक 18 जुलाई को
अजमेर, 12 जुलाई। जिला कलक्टर आरती डोगरा की अध्यक्षता में राजस्थान आजिवीका एवं कौशल विकास निगम (आरएसएलडीसी) की मासिक बैठक आगामी बुधवार 18 जुलाई को दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगी। इस बैठक में जिले में संचालित कौशल विकास कार्यक्रमों के बेहतर समन्वय के साथ समीक्षा भी की जाएगी। यह जानकारी आरएसएलडीसी के जिला प्रबंधक ने दी।

error: Content is protected !!