प्रदेश की 3.22 लाख छात्राओं को मिलेगी साइकिल

अजमेर, 24 अगस्त। शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने के लिए पूरी गम्भीरता के साथ काम किया है। पहले गांवों में बच्चियां आठवीं के बाद साधनों के अभाव में आगे पढ़ नहीं पाती थी। हमने साइकिल देकर उन्हें प्रेरित किया। नतीजा यह है कि पिछले साढ़े चार सालों में हम 26वें से दूसरे स्थान पर आ गए हैं। लाखों नए नामांकन बताते है कि सरकारी स्कूलों में प्रवेश के लिए अभिभावकों में होड़ मच रही है।
शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री श्री देवनानी ने आज राजकीय जवाहर उच्च माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय साइकिल वितरण समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस साल राजस्थान में नवीं कक्षा की 3 लाख 22 हजार बालिकाओं को साइकिल वितरित की जाएगी। अजमेर जिले में 13 हजार 678 बालिकाओं को साइकिल दी जाएगी। आज शहर की 32 स्कूलों की 1390 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा के उन्नयन का वादा पूरी गम्भीरता के साथ पूरा किया है। हमने प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सीनियर सैकण्डरी स्कूल खोला। पिछले चार साल में राज्य में 7 हजार स्कूल क्रमोन्नत किए गए हैं। साढे़ चार साल पहले जब हम सरकार में आए तो राजस्थान में शिक्षा की स्थिति बेहद दयनीय थी। हम पूरे देश में शिक्षा के क्षेत्र में 26वें स्थान पर थे। हमने राजस्थान की शिक्षा को बदलने के लिए पूरी ईमानदारी से प्रयास किए। आज हम दूसरे स्थान पर हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे की सोच है कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को स्थानीय स्तर पर ही इतना सशक्त कर दिया जाए कि स्कूली शिक्षा के लिए विद्यार्थी को बाहर नहीं जाना पडे़। इसी सोच के साथ हमने प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सीनियर सैकण्डरी स्तर का स्कूल खोला। आजादी के बाद पहली बार ऎसा हुआ कि बिना राजनीति भेदभाव एक साथ इतने विद्यालय क्रमोन्नत किए गए। बालिकाओं को स्कूल आने जाने के लिए साइकिल दी जा रही है।
श्री देवनानी ने कहा कि हमने शिक्षकों की समस्याओं को समझा और उनके निराकरण के प्रयास किए। आजादी के बाद पहली बार सवा लाख से ज्यादा शिक्षकों को पदोन्नति दी गई। शिक्षकों के रिक्त पदों को नई भर्ती से भरा गया। स्कूलों को भौतिक संसाधन उपलब्ध कराए गए। आज राजस्थान के अभिभावक चाहते हैं कि उनके बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ें। लाखों नए नामांकन और शैक्षिक गुणवत्ता इसका सबूत है कि राजस्थान की शिक्षा ने सफलता के नए सोपानों को छुआ है। हमारे शिक्षा परिवार के साथ हम जल्द ही देश में नम्बर एक पर होंगे। पूरे देश में राजस्थान की शिक्षा का अनुसरण किया जा रहा है।
इस अवसर पर राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सचिव श्रीमती मेघना चौधरी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं बालिकाएं उपस्थित थी।

अजमेर जिले में वर्षा
अजमेर, 24 अगस्त। जल संसाधन विभाग के अनुसार एक जून से अब तक अजमेर में 221.6, श्रीनगर में 99, गेगल में 138, पुष्कर में 310, गोविन्दगढ़ में 178, नसीराबाद में 251, पीसांगन में 319.1, मांगलियावास में 264, किशनगढ़ में 190, बांदरसिदरी में 68, रूपनगढ़ में 240, अराई में 376, ब्यावर में 473 एम.एम. वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
इसी प्रकार जवाजा में 341, टॉटगढ़ में 178.5, सरवाड़ में 283 केकड़ी में 305, सावर में 191.9, भिनाय में 361, मसूदा में 148.5, बिजयनगर में 302, नारायणसागर में 312 एम.एम. वर्षा दर्ज की गई। जिले में अब तक 255.48 एम. एम. औसत वर्षा रिकार्ड की गई है।

जिला मंचों में रिक्त पदों के साक्षात्कार की तिथियों में परिवर्तन
अजमेर, 24 अगस्त। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष मंचों के अध्यक्ष व महिला/ पुरूष सदस्यों के रिक्त पदो के लिए पूर्व में नियत की गई साक्षात्कार की तिथियों में परिवर्तन किया गया है।
जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के पंजीयक श्री राजेश चन्द्र गुप्ता ने बताया कि जिला मंच अध्यक्ष पद के लिए साक्षात्कार अब 27, 28 व 29 अगस्त को तथा जिला मंच सदस्य हेतु साक्षात्कार 29, 30 व 31 अगस्त को लिए जाएंगे। शेष तिथियां यथावत रहेंगी।

error: Content is protected !!