जिला कलक्टर ने सांदोलिया गांव में सुनी जन समस्याएं

अजमेर, 24 अगस्त। जिला कलक्टर आरती डोगरा ने शुक्रवार को अरांई पंचायत समिति की सांदोलिया ग्राम पंचायत मुख्यालय पर रात्रि चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी तथा मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा र्निदेश दिए।
चौपाल के दौरान ग्रामीण हरिराम ने अपनी सिवायचक भूमि को आबादी में परिर्वतन कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर जिला कलक्टर ने पटवारी को सोमवार तक प्रस्ताव तैयार कर तहसील कार्यालय भेजने के पाबंद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने श्मशान एवं कब्रिस्तान भूमि की भी आवश्यकता बतायी। जिस पर जिला कलक्टर ने पटवारी को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। सांदोलिया ग्राम पंचायत के गांवों में पेयजल की समस्या के संबंध में जिला कलक्टर ने उपखण्ड अधिकारी को गांव का भ्रमण कर स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल के अवैध कनेक्शन तत्काल हटाएं जाएं। यदि पुलिस की जरूरत हो तो उसकी भी मदद लें। यह कार्य अभियान के रूप में लिया जाए।

चौपाल के दौरान गुंदली गांव में चारागाह भूमि के अतिक्रमण हटाने, सील गांव के विद्यालय में कक्षा कक्ष बनवाने, विद्यालय में विज्ञान शिक्षक लगाने, फसली ऋण को माफ कराने के संबंध में भी समस्याएं प्राप्त हुई। जिस पर जिला कलक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान सांदोलिया गांव में सहकारी समिति में गडबड़ी की शिकायत आने पर जिला कलक्टर ने सहकारिता विभाग के सहायक रजिस्ट्रार को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने ग्रामीण जगदीश पुत्र गोपाल ने प्रार्थना पत्र देकर अपने बाड़े का रास्ता खुलवाने के लिए कहा। इस पर जिला कलक्टर ने विकास अधिकारी को तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

रात्रि चौपाल के दौरान उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत जिला कलक्टर ने ग्रामीणों को गैस कनेक्शन के किट का वितरण भी किया।

जिला कलक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के मकानों का किया निरीक्षण
जिला कलक्टर आरती डोगरा ने सांदोलिया गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना अन्तर्गत अनेक मकानों का निरीक्षण किया तथा लाभान्वितों से बातचीत कर उनको मिल रही योजना अन्तर्गत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। जिला कलक्टर ने गांव में मनभर पत्नी रतन जाट, कमला पत्नी बाबूलाल रेगर, नरबदा पत्नी गोलू एवं कमला पत्नी श्योजी जाट के मकानों का अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं से पेंशन, गैस कनेक्शन, बिजली बिल, भामाशाह कार्ड एवं गेंहू की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पशुपालन से प्राप्त दूध को डेयरी पर देने तथा प्रति फेट आमदानी की भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पशुओं का बीमा कराने, बच्चों का टीकाकरण कराने के संबंध में भी ग्रामीणों को जानकारी दी।
इस मौके पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अरूण गर्ग, जिला रसद अधिकारी श्री संजय माथुर, महिला एवं बाल विकास की उप निदेशक श्रीमती अनुपमा टेलर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.के.सोनी, किशनगढ़ के उपखण्ड अधिकारी श्री महेश कुमार, अरांई के तहसीलदार श्री हेतराम विष्णु, विकास अधिकारी श्री मनोहर लाल, सांदोलिया के सरपंच श्री रामराज सहित समस्त विभागों के अधिकारीगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कल
अजमेर, 24 अगस्त। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक शनिवार 25 अगस्त को जिला कलक्टर आरती डोगरा की अध्यक्षता में प्रातः 11 बजे राजीव गॉधी सभागार बोर्ड कॉलोनी अजमेर में आयोजन किया जायेगा। जिसमें जिले के समस्त प्रमुख चिकित्सा अधिकारी, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी प्रभारी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, शहरी एवं ग्रामीण भाग लेगें।
बैठक में समस्त राष्ट्रीय कार्यक्रमों, फ्लेगशीप कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की जायेगी।

error: Content is protected !!