कवि सुरेंद्र दुबे की स्मृति में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन

एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह रूपये के पुरस्कार की घोषणा व अजमेर जिले के एक वरिष्ठ साहित्यकार का होगा सम्मान

केकड़ी 10 दिसंबर।
अजमेर जिले के अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त हास्यकवि स्व. सुरेन्द्र दुबे की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर उनके पैतृक नगर केकड़ी में अखिल भारतीय स्तर का आयोजन किया जाएगा। इस संदर्भ में स्थापित की गई संस्था ‘हास्यकवि सुरेन्द्र दुबे स्मृति संस्थान‘ के माध्यम से यह आयोजन 1 जनवरी को भव्य स्तर पर किया जाएगा। समिति के संस्थापक एम.एल.डी. ग्रुप के सचिव चन्द्रप्रकाष दुबे ने बताया कि स्व.दुबे की स्मृति को सतत् बनाए रखने के लिए संस्थान के माध्यम से एक कमेटी गठित की गई है। उक्त कमेटी में नगर के प्रतिष्ठित नागरिकों के अलावा देश के ख्यातिप्राप्त कवि एवं साहित्यकार डॉ. कैलाश मण्डेला-शाहपुरा एवं अंतर्राष्टीय ख्याति प्राप्त कवयित्रि डॉ. कीर्ति काले- नई दिल्ली एवं अन्य को सदस्य बनाया गया है। समिति द्वारा आयोजित प्रथम बैठक में यह निर्णय लिया गया कि स्व. सुरेन्द्र दुबे की स्मृति को सतत् बनाए रखने हेतु उनकी प्रथम पुण्यतिथि 1 जनवरी 2019 को सार्वजनिक स्तर पर ‘‘ हास्यकवि सुरेन्द्र दुबे स्मृति अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एंव सम्मान समारोह‘‘ का आयोजन किया जाएगा जिसमे देश के प्रतिष्ठित कवियों को आमंत्रित कर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन किया जाएगा तथा उक्त समारोह में हास्यकवि सुरेन्द्र दुबे के नाम से अखिल भारतीय स्तर पर प्रतिष्ठित देश के किसी ख्याति प्राप्त कवि एवं साहित्यकार को एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह रूपए की राशि का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। देश में निजी स्तर पर दिये जाने वाले पुरस्कारों मे यह सबसे बड़ी राशि का पुरस्कार होगा। इसके साथ ही अजमेर जिले के किसी एक वरिष्ठ कवि, लेखक एवं साहित्यकार को भी इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। कमेटी की इस संबंध मे शीघ्र बैठक आयोजित कर पुरस्कृत एवं सम्मानित होने वाले साहित्यकारों के नामों की घोषणा की जाएगी।
हास्यकवि सुरेन्द्र दुबे स्मृति संस्थान सचिव डॉ. अविनाष दुबे ने बताया कि इस अवसर पर स्व. सुरेन्द्र दुबे की स्मृति में तैयार किये जा रहे स्मृति ग्रंथ का भी भव्य विमोचन किया जाएगा। सार्वजनिक स्तर पर होने वाले इस जन आयोजन को सफल बनाने हेतु तैयारियों के लिए विभिन्न व्यक्तियों को दायित्व सौपे गए हैं।

error: Content is protected !!